हरियाणा के करनाल में BJP नेता चौधरी विजयपाल को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सोमवार शाम उन्हें एक विदेशी नंबर से कॉल आई, जिसमें आरोपी ने 50 लाख रुपए की रंगदारी की डिमांड की। आरोपी ने दावा किया कि रुपए न देने पर परिवार पर हैंडग्रेनेड से हमला कर देगा। शिकायत मिलने के बाद करनाल पुलिस ने परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी है। विजयपाल हरियाणा के पूर्व डिप्टी स्पीकर चौधरी वेदपाल के बेटे हैं। व्हाट्सएप कॉल पर दी धमकी भाजपा नेता एडवोकेट चौधरी विजयपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार रात उन्हें एक विदेशी नंबर से वॉट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को बराड़ बताया और धमकी दी कि हैंड ग्रेनेड से पूरे परिवार को उड़ा सकता है। 50 लाख रुपए मांगे शिकायत के अनुसार, कॉलर ने विजयपाल से 50 लाख रुपए की रंगदारी मांगी। आरोपी ने कहा कि पुलिस से जितना बच सकते हो बच लो, लेकिन वह किसी से डरने वाला नहीं है। बातचीत के दौरान आरोपी ने उनके पिता चौधरी वेदपाल के नाम का भी जिक्र किया। परिवार में दहशत, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा शिकायत मिलने के बाद करनाल पुलिस ने विजयपाल के घर के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है। आसपास आने-जाने वालों पर नजर रखी जा रही है। मॉडल टाउन चौकी इंचार्ज गीता ने बताया कि कॉल की लोकेशन के लिए टेक्निकल टीम लगी हुई है। सीएम से मिल सकते हैं विजय पाल पारिवारिक सूत्रों के अनुसार इस मामले को लेकर विजय पाल जल्द ही हरियाणा के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर सकते हैं। घर के बाहर बने सुरक्षा बूथ पर चला था बुलडोजर 5 मई को करनाल के एनडीआरआई चौक स्थित विजयपाल के घर के बाहर बने पुलिस सुरक्षा बूथ पर NHAI ने बुलडोजर चलावाया था। यह बूथ एनएचएआई की सीमा में होने के कारण तोड़ा गया था। 1984 में भी हुआ था जानलेवा हमला विजयपाल के परिवार पर पहले भी हमला हो चुका है। 9 मार्च 1984 को मधुबन के पास उनके पिता चौधरी वेदपाल की गाड़ी पर करीब 80 गोलियां फायरिंग हुई थी। इस हमले में वे बाल-बाल बच गए थे, लेकिन उनके ड्राइवर की मौत हो गई थी और गनमैन घायल हो गया था। चौधरी वेदपाल का राजनीतिक सफर… पंच से शुरुआत की चौधरी वेदपाल ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत गांव कैड़रौली (यमुनानगर) से पंच के रूप में की थी। इसके बाद 1967-68 में मार्केट कमेटी रादौर के चेयरमैन बने। 1982 में वे घरौंडा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर विधायक चुने गए। इसके बाद हरियाणा विधानसभा में डिप्टी स्पीकर बने। ऑल इंडिया मार्केटिंग बोर्ड के चेयरमैन रहे चौधरी वेदपाल 24 जून 1982 से 23 जून 1987 तक डिप्टी स्पीकर रहे। उस समय प्रदेश में मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल की सरकार थी। डिप्टी स्पीकर के अलावा चौधरी वेदपाल हरियाणा मार्केटिंग बोर्ड के चेयरमैन भी रहे। साथ ही ऑल इंडिया मार्केटिंग बोर्ड के भी चेयरमैन रहे। 2023 में 84 साल की उम्र में उनका निधन हुआ।