भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट और फायरिंग के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। यह घटना शनिवार देर शाम को हुई थी। आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट जानकारी के अनुसार, पूर्व मुखिया लालू यादव और वर्तमान मुखिया भाई वीरेंद्र के बीच किसी आपसी विवाद को लेकर मारपीट हुई। इस दौरान फायरिंग भी की गई, जिसमें भाई वीरेंद्र पक्ष के सरोज यादव (22) पुत्र बिहारी यादव के पैर में गोली लग गई। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिहिया में भर्ती कराया गया। मारपीट में धर्मेंद्र कुमार पुत्र जगनारायण यादव भी घायल हुए हैं। घटना के बाद दोनों पक्षों ने बिहिया थाने में आवेदन दिया है। लालू यादव के पक्ष की ओर से डेढ़ दर्जन नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। वहीं, वर्तमान मुखिया भाई वीरेंद्र के पक्ष ने भी पुलिस को आवेदन सौंपा है। घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी थाना प्रभारी रामकुमार के नेतृत्व में एसआई मुकेश कुमार, रामस्वरूप कुमार यादव, एएसआई शंकर कुमार, दीपक कुमार मंडल, राजू पांडे सहित बिहिया थाने के अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज चार घंटे के भीतर छापेमारी कर लालू यादव के पक्ष के 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इन लोगों को गिरफ्तार किया जिसमें ये लोग शामिल हैं-अजीत कुमार पुत्र कृपा शंकर यादव,कन्हैया कुमार उम्र करीब 25 वर्ष पुत्र रघुवर यादव,सरवन कुमार उम्र करीब 25 वर्ष पुत्र राजनाथ यादव,नागेंद्र यादव उम्र करीब 30 वर्ष पुत्र राजनाथ यादव, मोतीलाल यादव उम्र करीब 28 वर्ष पुत्र राजदेव यादव, कृपा शंकर यादव उम्र करीब 48 वर्ष पुत्र जवाहर यादव, सुरेंद्र यादव उम्र करीब 50 वर्ष पुत्र स रंजीत यादव, रामजतन यादव उम्र करीब 42 वर्ष पुत्र विश्वनाथ यादव को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। रविवार को देर शाम दैनिक भास्कर से बात चीत में प्रभारी थाना प्रभारी रामकुमार ने बताया कि इस मामले में कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। ये जो लोग गिरफ्तार हुए हैं गोली चलाने वाले पक्ष के हैं। वही दूसरी ओर बिहिया पुलिस ने एक अलग कार्रवाई में करीब 14 लीटर शराब के साथ रवि कुमार नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा पुलिस ने एक अन्य मामले में भी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।