मंडी में ढाबों-होटलों से 50 घरेलू सिलेंडर जब्त:खाद्य आपूर्ति विभाग चलाया चे​किंग अभियान, 400 से ज्यादा स्थानों पर की गई छापेमारी

मंडी जिले में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने गैस सिलेंडर की कालाबाजारी रोकने के लिए अभियान तेज कर दिया है। खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी पवन कुमार शर्मा के नेतृत्व में विभाग ने ढाबों और होटलों से 50 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। पवन कुमार शर्मा ने बताया कि विभाग ने अब तक 400 से अधिक स्थानों का निरीक्षण किया है। जब्त किए गए सिलेंडरों में धर्मपुर क्षेत्र से 3, गोपालपुर ब्लॉक से सर्वाधिक 34, सुंदरनगर से 2 और मंडी अर्बन व सदर क्षेत्र से 11 सिलेंडर शामिल हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग नियमों का उल्लंघन है और इससे आम उपभोक्ताओं की आपूर्ति भी प्रभावित होती है।
विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई ढाबा और होटल संचालक घरेलू सिलेंडरों का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे न केवल नियमों की अनदेखी हो रही है बल्कि सुरक्षा मानकों से भी समझौता किया जा रहा है। इसी के चलते विभाग ने सख्ती दिखाते हुए यह कार्रवाई की है। पवन कुमार शर्मा ने ढाबा और होटल मालिकों से केवल कमर्शियल गैस सिलेंडरों का उपयोग करने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने यह भी बताया कि आजकल कमर्शियल सिलेंडरों की अदला-बदली और दुरुपयोग की शिकायतें भी सामने आ रही हैं, जिस पर विभाग कड़ी नजर रख रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *