महिला ने वीडियो जारी कर पुलिस पर आरोप लगाए:सुनवाई न होने पर आत्महत्या की चेतावनी; सिरसा में भतीजे की छेड़छाड़ की शिकायत दी थी

सिरसा जिले में डबवाली के एक गांव में छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न का मामला अब बेहद गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है। मामले में पीड़िता ने एक वीडियो जारी किया है, जो वायरल होने पर चर्चाओं में आ गया है। महिला ने पुलिस प्रशासन पर भी कई आरोप लगाए हैं। वीडियो में पीड़ित महिला ने भावुक होते हुए चेतावनी दी है कि यदि वह आत्महत्या करती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस की होगी। पीड़ित महिला ने डबवाली के एसपी को संबोधित करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। वहीं, आरोपी पक्ष से युवक ने भी पुलिस को शिकायत दी है और ये आरोप बेबुनियाद बताए हैं। मामले के अनुसार, 27 वर्षीय (महिला) आरोपी की रिश्ते में चाची लगती है। महिला द्वारा अपने ही भतीजे पर छेड़छाड़ के आरोप में FIR दर्ज करवाई हुई है। इसी मामले में पुलिस की ओर से कार्रवाई न होने पर वीडियो जारी कर दिया। आत्महत्या के लिए पुलिस होगी जिम्मेदार वीडियो में पीड़िता ने स्पष्ट रूप से कहा है कि उसने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करवाया था, लेकिन महिला थाना में उसकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। महिला ने हाथ जोड़कर विनती करते हुए कहा कि अगर वह कोई आत्मघाती कदम उठाती है, तो उसकी आत्महत्या के लिए पुलिस जिम्मेदार होगी। उसने एसपी से सुनवाई की गुहार लगाई है। डबवाली महिला पुलिस थाना में हाल ही में इस पीड़िता की शिकायत पर उनके भतीजे के खिलाफ छेड़छाड़, पीछा करने और यौन उत्पीड़न के आरोपों में केस दर्ज किया गया था। घर में घुसकर महिला से की थी छेड़छाड़ शिकायत के अनुसार, अप्रैल महीने के अंत में महिला घर पर अकेली थी। तब आरोपी भतीजा रिश्ते की गरिमा को ताक पर रखकर घर में घुस आया और उससे छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर आरोपी वहां से भाग गया। इसके बाद मई के पहले सप्ताह में भी आरोपी ने एक दिन महिला का पीछा किया। उस समय वह किसी काम से बाहर जाने के लिए बस स्टैंड की ओर जा रही थी। बस स्टैंड पर युवक ने उससे अश्लील हरकतें की। पुलिस ने पीड़िता के लिखित बयानों के आधार पर आरोपी गुरचरण सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 332 सी, 74, 75(2) और 78 के तहत केस दर्ज किया था। महिला थाना प्रभारी ने नहीं उठाया फोन इस पूरे घटनाक्रम और पीड़िता द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों पर महिला थाना पुलिस का पक्ष जानने के लिए थाना प्रभारी के सरकारी मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया उनके मोबाइल पर रिंग तो हो गई लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। जिसके कारण पुलिस का पक्ष सामने नहीं आ सका है। आरोपी ने भी दी शिकायत सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, केस दर्ज होने के बाद आरोपी गुरचरण सिंह ने भी डबवाली एसपी के समक्ष अपनी एक शिकायत दर्ज कराई थी। आरोपी पक्ष का दावा है कि मामला कुछ और है इसलिए उसने एसपी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच करवाने की गुहार लगाई है। दोनों पक्षों की ओर से आरोप प्रत्यारोप और अब पीड़िता का वीडियो सामने आने के बाद यह केस पूरी तरह से उलझ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *