मानसा नगर कौंसिल चुनाव के दौरान एसडीएम दफ्तर के बाहर हंगामा हो गया। विधायक डॉ. विजय सिंगला पर वार्ड नंबर 18 के निर्दलीय उम्मीदवार अर्पित चौधरी ने आरोप लगाया कि विधायक उनके नामांकन पत्र रद्द करवा रहे हैं। इसके बाद भाजपा, कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल के उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान विधायक डॉ. विजय सिंगला और उनके निजी सहायक (पीए) की प्रदर्शनकारियों के साथ कथित तौर पर हाथापाई भी हुई। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। लोगों ने विधायक के खिलाफ की जमकर नारेबाजी पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद भीड़ को नियंत्रित किया और विधायक को उनकी गाड़ी में बिठाकर मौके से रवाना किया। मौके पर मौजूद लोगों ने विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस मामले में जब विधायक डॉ. विजय सिंगला से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनका फोन किसी अन्य व्यक्ति ने उठाया। उन्होंने बताया कि विधायक किसी आवश्यक कार्य में व्यस्त हैं और बाद में बात करेंगे।