मोहाली की नाहर मिल में भीषण आग, रुई गोदाम राख:आसपास की कई कंपनियों को खाली करवाया; अंबाला-पंचकूला से बुलाई 40 दमकल

मोहाली जिले के लालड़ू स्थित नाहर स्पिनिंग मिल्स लिमिटेड के गोदाम नंबर 2 में शनिवार देर रात भीषण आग लग गई। कंपनी परिसर में बने रुई के दो बड़े गोदामों में लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे पूरे औद्योगिक क्षेत्र में दहशत फैल गई। हालात की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। आग फैलने की आशंका के चलते आसपास की कई कंपनियों को एहतियातन खाली कराया गया। अधिकारियों को डर था कि यदि आग और बढ़ी तो आसपास की फैक्ट्रियां भी इसकी चपेट में आ सकती हैं। औद्योगिक क्षेत्र में रोजाना हजारों कर्मचारी काम करते हैं। घटना के बाद कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में भय का माहौल बन गया। कई कर्मचारी रातभर फैक्ट्री परिसरों के बाहर खड़े होकर स्थिति पर नजर बनाए रहे। कई शहरों से बुलानी पड़ी फायर ब्रिगेड रात करीब 2.00 बजे लगी इस आग पर काबू पाने के लिए डेराबस्सी, लालड़ू, राजपुरा, चंडीगढ़, अंबाला और पंचकूला से दमकल विभाग की गाड़ियां मंगाई गईं। स्थिति ज्यादा गंभीर होने पर सेना के दफ्तर से भी फायर टेंडर बुलाने पड़े। करीब 35 से 40 दमकल वाहन रातभर आग बुझाने के अभियान में जुटे रहे। दमकल कर्मियों ने लगातार कई घंटों तक मशक्कत कर आग को फैलने से रोका। बिजली गुल होने से बढ़ी मुश्किल फायर विभाग के कर्मचारी बलजीत सिंह ने बताया कि आग बुझाने के दौरान काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आग लगने के बाद पूरे इलाके की बिजली बंद हो गई थी, जिससे अंधेरे में राहत और बचाव कार्य चलाना चुनौतीपूर्ण हो गया। पर्याप्त रोशनी नहीं होने के बावजूद दमकल टीमों ने लगातार प्रयास जारी रखे और आखिरकार आग पर नियंत्रण पाया गया। करोड़ों के नुकसान का अनुमान राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि शुरुआती अनुमान के अनुसार कंपनी का करोड़ों रुपये का सामान जलकर राख हो गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभागों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *