मोहाली में बीच सड़क पर 2 गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। दोनों गुटों के लोगों ने एक-दूसरे के ऊपर डंडे बरसाए। इस घटना में दो लोग गंभीर घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जीरकपुर के बलटाना स्थित रामलीला ग्राउंड में बुधवार को देर शाम किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले बहस हुई, जो कुछ ही देर में हिंसा में बदल गई। दोनों गुट आमने-सामने आ गए। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागने लगे। काफी देर तक चलता रहा झगड़ा
स्थानीय लोगों ने बताया कि मारपीट काफी देर तक चलती रही। बीच-बचाव की कोशिश भी की गई। लेकिन हालात काबू से बाहर हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके आधार पर झगड़े में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विवाद की शुरुआत किस वजह से हुई। पहले से तनाव की बात सामने आई
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों गुटों के बीच पहले से किसी बात को लेकर तनाव चल रहा था, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी।