मोहाली के खरड़ में वेस्टर्न टावर्स सोसाइटी में आज एक केंद्रीय एजेंसी ने आईटी सेक्टर में काम करने वाले एक व्यक्ति के घर पर दबिश दी। टीम को आता देख किसी ने रिहायशी टावर की नौवीं मंजिल से कैश से भरा एक बैग नीचे फेंक दिया, जो पहले से नीचे गाड़ी लेकर खड़े ड्राइवर ने उठा लिया। हालांकि, टीम की नजर इस पर पड़ गई और टीम के सदस्यों ने पीछा कर बैग लेकर भाग रहे ड्राइवर को पकड़ लिया और बैग से लगभग 21 लाख रुपये नकद बरामद किए। मामले की जांच चल रही है। अभी तक अधिकारी कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। कार लेकर भागने की फिराक में था पता चला है कि केंद्रीय एजेंसी के पहुंचने से पहले ही नौवीं मंजिल स्थित फ्लैट से एक व्यक्ति ने कथित तौर पर यह बैग नीचे फेंका था। नीचे खड़ा उसका ड्राइवर तुरंत एक सफेद रंग की कार में सवार होकर बैग लेकर भागने लगा। मौके पर मौजूद टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और उसे काबू कर लिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस सोसाइटी में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही खरड़ के DSP ईशांत सिंगला के निर्देश पर स्थानीय पुलिस को मौके पर भेजा गया। खरड़ सिटी थाने के SHO अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। टावर में रहने वाला 4 महीने पहले आया प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह कार्रवाई किसी जांच एजेंसी की ओर से की गई है। जिस फ्लैट नंबर 906 में रेड हुई, वहां रहने वाले व्यक्ति की पहचान नितिन कुमार गोहिल के रूप में हुई है, जो IT सेक्टर में कार्यरत बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, नितिन कुमार गोहिल के कुछ राजनीतिक संपर्क होने की भी चर्चा है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सोसाइटी के लोगों ने बताया कि नितिन कुमार करीब 4 महीने पहले ही यहां रहने आया था। रोजाना कूरियर आते थे सोसाइटी के लोगों के अनुसार, नितिन कुमार के फ्लैट पर रोजाना बड़ी संख्या में कूरियर आते थे, जिन्हें अधिकतर उसका ड्राइवर ही रिसीव करता था। जांच एजेंसियों ने बरामद कैश से भरे बैग को कब्जे में ले लिया है। फिलहाल रेड जारी है। सूत्रों की मानें तो यह रेड इनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ED) की बताई जा रही है, लेकिन इसकी भी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हम इस खबर को अपडेट कर रहे हैं…