यमुनानगर के इकलौते बेटे की कनाडा में मौत:टोरांटो जाते समय ट्रक ने मारी टक्कर, जमीन बेचकर विदेश भेजा था

हरियाणा के यमुनानगर जिले के 24 वर्षीय युवक की कनाडा सड़क हादसे में मौत हो गई। युवक अपने दोस्त के साथ घूमने के लिए टोरांटो जा रहा था, तभी रास्ते में तेज रफ्तार ट्रक से आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल में भर्ती है। मृतक की पहचान उधम प्रीत सिंह (24) पुत्र गुरविंद्र सिंह निवासी छोटा मॉडल टाउन, यमुनानगर के रूप में हुई है। उधम अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। वर्ष 2021 में वह स्टडी वीजा पर कनाडा गया था और इस समय ब्रंपटन में रहकर पढ़ाई के साथ-साथ काम भी कर रहा था। जमीन बेचकर बेटे को भेजा था विदेश परिजनों के अनुसार, उधम के पिता गुरविंद्र सिंह यमुनानगर में “सिंह कलर लैब” नाम से फोटोग्राफी का व्यवसाय करते हैं। बेटे के सपनों को साकार करने के लिए उन्होंने वर्ष 2021 में जमीन बेचकर लाखों रुपये खर्च कर उसे कनाडा पढ़ने के लिए भेजा था। उधम बचपन से ही विदेश जाकर पढ़ाई और काम करने का सपना देखता था। दोस्त संग घूमने निकला था जानकारी के मुताबिक, वीरवार को काम से दो दिन की छुट्टी होने के कारण उधम अपने दोस्त के साथ कार में सवार होकर टोरांटो घूमने जा रहा था। दोपहर करीब ढाई बजे जैसे ही वे टोरांटो के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से उनकी कार की आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उधम प्रीत की मौके पर ही मौत हो गई। उसके साथ बैठा दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। रात में मिली सूचना, घर में पसरा मातम हादसे की सूचना भारत में परिजनों को देर रात मिली। यह खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन सरकार से मांग कर रहे हैं कि उनके बेटे का शव जल्द से जल्द भारत लाया जाए, ताकि अंतिम संस्कार किया जा सके। दिसंबर में मनाई थी माता-पिता की सिल्वर जुबली परिवार ने बताया कि उधम प्रीत दिसंबर 2025 में अपने माता-पिता की शादी की सिल्वर जुबली मनाने के लिए भारत आया था। उसने परिवार के साथ खुशियों के पल बिताए और फिर वापस कनाडा लौट गया। इस साल दिसंबर में फिर से घर आने की योजना थी, लेकिन उससे पहले ही यह दुखद खबर आ गई। उधम के पिता गुरविंद्र सिंह ने बताया कि हादसे से एक दिन पहले बुधवार रात उनकी बेटे से आखिरी बार बात हुई थी। वह बेहद खुश था और दोस्त के साथ टोरांटो जाने की योजना के बारे में बता रहा था। किसे पता था कि वह बातचीत आखिरी साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *