गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेस-वे जानलेवा स्टंटबाजी करने वालों का नया अड्डा बनने लगा है। यहां तीन मारुति ब्रेजा गाड़ियों के ड्राइवरों द्वारा बेहद खतरनाक तरीके से स्टंटबाजी के साथ ड्राइविंग करने का मामला सामने आया है। युवकों की इस हरकत ने न सिर्फ उनकी अपनी जान जोखिम में डाली, बल्कि एक्सप्रेस-वे पर चल रहे अन्य वाहन चालकों के लिए भी परेशानी खड़ी की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ये युवक एक्सप्रेस-वे पर कई किलोमीटर तक लगातार स्टंट करते नजर आए। तेज रफ्तार कारों को आड़े-तिरछे चलाने, चलती गाड़ी की खिड़कियों को खोलना और अचानक ब्रेक लगाने जैसी जानलेवा हरकतों से पीछे चल रहे वाहनों में भय बन गया। हादसे से बचने के लिए अन्य ड्राइवरों को मजबूरी में अपनी गाड़ियों की रफ्तार कम करनी पड़ी। चकमा देने के लिए बदली नंबर प्लेट युवकों ने पुलिस की कार्रवाई और सीसीटीवी कैमरों से बचने की पूरी प्लानिंग कर रखी थी। तीनों ब्रेजा गाड़ियों की नंबर प्लेट को जानबूझकर ‘टेंपर्ड’ किया गया था, ताकि उनके नंबर साफ न पढ़े जा सकें। हैरानी इस बात की है कि उन्होंने आगे चल रही कार से वीडियो शूट किया और सोशल मीडिया पर डाल दिया। जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। स्टंटबाजों से रेजिडेंट्स परेशान द्वारका एक्सप्रेस-वे रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रेसिडेंट यशीश यादव का कहना है कि खतरनाक स्टंटबाजों के कारण कई हादसे हो चुके हैं। द्वारका एक्सप्रेस-वे के साथ- साथ आसपास की सड़कों पर भी युवक स्टंटबाजी करते हैं। जिससे सफर करने वाले आम नागरिकों और स्थानीय निवासियों की सुरक्षा दांव पर लग जाती है। पुलिस प्रशासन से मांग है कि नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने वाले इन स्टंटबाजों पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई ऐसी हिम्मत न कर सके। पुलिस ट्रैस करेगी नंबर वीडियो वायरल होने के बाद ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय थाना पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस एक्सप्रेस-वे पर लगे हाई-डेफिनिशन कैमरों और वायरल वीडियो के आधार पर गाड़ियों की पहचान कर रही है। पुलिस का दावा है कि कारों की पहचान कर जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।