यमुनानगर के शादीपुर इलाके में स्थित एक प्लाईवुड फैक्ट्री में भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में पूरी फैक्ट्री परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। चारों ओर घना धुआं फैल गया। आग से फैक्ट्री में रखा कच्चा माल जलकर पूरी तरह खाक हो गया, जिससे लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग की लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। आग पर काबू पाने की कोशिश तेज घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू कर दिया है। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाने की कोशिश तेज कर दी है। आग लगने के समय फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन कुछ लेबर के बारे में अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है, जिससे चिंता बनी हुई है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। साथ ही राहत और बचाव कार्य भी लगातार जारी है।