यमुनानगर सड़क हादसे में व्यक्ति की मौत:कार ने मारी टक्कर, अयोध्या का रहने वाला; तीन बच्चों का पिता

यमुनानगर में कार की टक्कर से एक हादसे में तीन बच्चों के पिता की मौत हो गई। मृतक किसी काम से यमुनानगर आया हुआ था, इसी दौरान यह हादसा हो गया। सूचना मिलते ही यमुनानगर सदर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया। मृतक की पहचान 45 वर्षीय राम सहाय निवासी गांव देवगांव मीठिया, जिला अयोध्या (यूपी) के रूप में हुई है। मृतक के मोबाइल फोन से नंबर निकालकर परिजनों को घटना की सूचना दी गई। परिजनों के यमुनानगर पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कर उन्हें सौंप दिया गया। वहीं, शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। काम की तलाश में यमुनानगर आया मृतक की पत्नी श्रीमती ने बताया कि उनके पति करीब छह माह पहले अयोध्या से हरियाणा काम करने के लिए आए थे और इन दिनों अंबाला की एक फैक्ट्री में काम कर रहे थे। पिछले दो-तीन दिनों से उनकी अपने पति से कोई बातचीत नहीं हुई थी। सोमवार शाम को उन्हें यमुनानगर पुलिस से सूचना मिली कि उनके पति का यहां एक्सीडेंट हो गया है। श्रीमती ने बताया कि उनके पति अंबाला से यमुनानगर कैसे पहुंचे, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। हालांकि उन्हें अंदेशा है कि वे शायद काम की तलाश में यहां आए होंगे। परिवार में उनके तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं। पति की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। अज्ञात कार ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज मामले के जांच अधिकारी ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब तीन बजे सूचना मिली थी कि रोडछप्पर के पास एक कार चालक ने सड़क पर पैदल जा रहे व्यक्ति को टक्कर मार दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पास मिले मोबाइल फोन के जरिए उसके परिजनों को सूचित किया गया, जिसके बाद वे मंगलवार को यमुनानगर पहुंचे। परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कर उन्हें सौंप दिया गया है। वहीं, शिकायत के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *