फतेहगढ़ साहिब के मंडी गोबिंदगढ़ स्थित RIMT यूनिवर्सिटी में नर्सिंग छात्राओं का विवाद बढ़ गया। गुस्साए स्टूडेंट्स ने यूनिवर्सिटी कैंपस में तोड़फोड़ की। इसका एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में छात्र-छात्राएं गमलों से यूनिवर्सिटी के शीशे तोड़ती और हंगामा करती नजर आ रही हैं। रोकने पर कर्मचारियों के साथ हाथापाई होती दिख रही है। मामले को बढ़ता देख पुलिस ने भी यूनिवर्सिटी के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है। बीएससी नर्सिंग और अन्य कोर्स के छात्रों का यूनिवर्सिटी प्रबंधन के साथ करीब 4 महीने से विवाद चल रहा है। इसी को लेकर छात्रों ने पहले प्रदर्शन किया। बाद में मामला बढ़ गया और छात्रों ने कैंपस में तोड़फोड़ शुरू कर दी। स्टूडेंट्स बोले- हॉस्टल में मारपीट हुई जानकारी के अनुसार, मामला गुरुवार रात का है। स्टूडेंट्स ने हॉस्टल में पीटने का आरोप लगाया है। इसके बाद विवाद तेजी से भड़क गया और स्टूडेंट्स ने रात में ही जमकर हंगामा किया। हालांकि इस दौरान कोई घायल नहीं हुआ। वहीं पुलिस ने कुछ स्टूडेंट्स को हिरासत में लिए लिया, लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। छात्रों से बातचीत कर रहे- डीएसपी फतेहगढ़ साहिब के डीएसपी कुलबीर सिंह ने बताया कि प्रशासन लगातार छात्राओं के संपर्क में है। डीसी और एसएसपी स्तर पर भी छात्रों से बातचीत कराई गई है। मामले को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने के प्रयास कर रहे हैं। पुलिस ने कैंपस और आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। यूनिवर्सिटी को बदनाम करने की कोशिश यूनिवर्सिटी के प्रो-चांसलर डॉ. बीएस भाटिया ने वीडियो जारी छात्रों और अभिभावकों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। डॉ. भाटिया ने कहा कि यूनिवर्सिटी पूरी तरह मान्यता प्राप्त पाठ्यक्रम संचालित कर रही है और संस्थान के पास 100 सीटों की मंजूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग यूनिवर्सिटी को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। पहले भी प्रबंधन से हो चुका विवाद गौरतलब है कि इससे पहले भी छात्रों ने यूनिवर्सिटी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया था। तब छात्रों ने जीटी रोड जाम कर कॉलेज प्रबंधन पर धोखाधड़ी, अत्यधिक फीस वसूली और भविष्य खराब करने जैसे आरोप लगाए थे। छात्राओं का दावा था कि कोर्स पूरा होने के बाद भी उन्हें डिग्री और सर्टिफिकेट नहीं दिए जा रहे हैं। फिलहाल, प्रशासन दोनों पक्षों से बातचीत कर रहा है और स्थिति को शांत करने का प्रयास किया जा रहा है।
********* ये खबर भी पढ़ें: पंजाब में ‘मेरी रसोई योजना’ की शुरुआत, 40 लाख परिवारों को मिलेगी राशन किट; 900 करोड़ का खर्च वहन करेगी सरकार पंजाब सरकार ने राज्य के गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए ‘मेरी रसोई’ स्कीम लॉन्च की है। खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री लालचंद कटारूचक्क ने आज इस योजना की शुरुआत की जानकारी दी। मंत्री कटारूचक्क ने बताया कि यह योजना उन लोगों के लिए ऐतिहासिक है जिनके पास राशन कार्ड हैं। इसका उद्देश्य राज्य के लगभग 40.48 लाख परिवारों को सीधा लाभ पहुंचाना है। (पढ़ें पूरी खबर)