यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:बंगाल जीत पर केशव ने पूछा- अखिलेश कहां हैं; 4 बच्चों का हत्यारा एनकाउंटर में ढेर, टंकी टूटकर लटकी

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर पश्चिम बंगाल में बीजेपी की जीत पर यूपी में जश्न को लेकर है। वहीं, दूसरी खबर प्रदेश के 22 जिलों में तेज बारिश और आंधी से हुए नुकसान से जुड़ी है। चलिए सिलसिलेवार तरीके से पढ़ते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1- लखनऊ में केशव-ब्रजेश ने झालमुड़ी खाई; पूछा- अखिलेश यादव कहां हैं, उन्हें खोजिए बंगाल जीत पर केशव मौर्या और ब्रजेश पाठक ने झालमुड़ी खाई। पूछा- अखिलेश यादव कहां हैं, दिनभर तुतहरी बजा रहे थे, उन्हें खोजना चाहिए। योगी बोले- मोदी की नीतियों की जीत। पंकज चौधरी ने कहा- ममता की क्षमता देखते-देखते लोग बंगाल की क्षमता भूल गए थे। जनता ने याद दिलाया। MLA सौरभ श्रीवास्तव ने सुनील बंसल को झालमुड़ी दी। कानपुर मेयर ने ढोल बजाया। पूरी खबर पढ़ें 2- यूपी के 22 जिलों में आंधी-तूफान, 100 फीट ऊंची चिमनी ढही- पानी की टंकी लटकी यूपी में बारिश का दौर जारी है। लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर और कानपुर समेत 22 जिलों में तेज बारिश हुई, 3 की जानें गई। कई जिलों में ओले गिरे। सिद्धार्थनगर में पानी टंकी टूटकर लटकी, शादी का मंडप उड़ गया। पीलीभीत में चिमनी ढही। दिल्ली से लखनऊ जा रही इंडिगो की फ्लाइट की भोपाल में इमरजेंसी लैंडिंग हुई। डिप्टी सीएम केशव मौर्य और ब्रजेश पाठक सवार थे। पूरी खबर पढ़ें 3- अंबेडकरनगर में मां ने 4 बच्चों की हत्या नहीं की थी, हत्यारोपी एनकाउंटर में ढेर अंबेडकरनगर में 4 बच्चों की हत्या उनकी मां ने नहीं, बल्कि पड़ोसी आमिर ने महिला और बच्चों की हत्या की थी। सोमवार को पुलिस ने 19 साल के आमिर को एनकाउंटर में मार गिराया। महिला का पति सऊदी में रहता है। परिवार वालों के मुताबिक, उसने वहीं पर पाकिस्तान की महिला से शादी कर ली है। महिला से आरोपी शादी कर उसकी जमीन-जायदाद हड़पना चाहता था। पूरी खबर पढ़ें 4- जालौन में खून से लथपथ युवक चिल्लाया- भाई साहब बचा लो; ट्रक में घुसी टवेरा- 7 की मौत जालौन में 100 की रफ्तार में टवेरा कार हाईवे पर पीछे से ट्रक में घुस गई। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 घायल हैं। टवेरा सवार अयोध्या से रामलला के दर्शन कर ललितपुर जा रहे थे। हादसा इतना भयानक था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग फंस गए। खून से लथपथ युवक चिल्लाया- भाई साहब बचा लो। 30 मिनट तक कार में तड़पते रहे। पूरी खबर पढ़ें 5- UP में कर्मचारियों के 5- 31 मई तक होंगे ट्रांसफर, योगी कैबिनेट में 29 प्रस्ताव पास यूपी में 16 लाख कर्मचारियों और अधिकारियों के तबादले 5 से 31 मई तक किए जाएंगे। योगी कैबिनेट ने सोमवार को 2026-27 के लिए तबादला नीति को मंजूरी दी। जिले में तीन साल और मंडल में सात साल की नौकरी पूरी करने वाले अधिकारी- कर्मचारी ट्रांसफर की जद में आएंगे। पति-पत्नी को एक जगह तैनाती मिलेगी। सोमवार को कैबिनेट में 29 प्रस्तावों को मंजूरी मिली है। पूरी खबर पढ़ें अब अहम 8 खबरें… 6- अंबेडकरनगर में कार ने सड़क पर खड़े लोगों को रौंदा, सगे भाइयों सहित 8 की मौत अंबेडकरनगर में बेकाबू कार ने सड़क पर खड़े लोगों को रौंद दिया। हादसे में दो सगे भाइयों समेत 8 लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रविवार रात करीब 12 बजे पहले दो बाइकों की टक्कर हुई, जिसमें दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए काफी लोग जुट गए। इसी दौरान बेकाबू स्विफ्ट डिजायर कार ने लोगों को कुचल दिया। पूरी खबर पढ़ें 7- यूपी में 38 IAS ट्रांसफर, 8 डीएम बदले; आईफोन कांड में फंसे रमेश रंजन हटाए गए योगी सरकार ने 38 IAS अफसरों के तबादले कर दिए। 8 जिलों के डीएम बदले गए। कंडीशनल इस्तीफा देकर वापस लेने वाले रिंकू सिंह राही को 9 महीने बाद पोस्टिंग मिल गई है। संभल के बाद DM राजेंद्र पैंसिया को मुरादाबाद की कमान दी गई। देवरिया से दिव्या मित्तल और फिरोजाबाद से रमेश रंजन हटाए गए। रमेश रंजन पर तहसीलदार ने आईफोन लेने का आरोप लगाया था। पूरी खबर पढ़ें 8- कानपुर में चोर सास-बहू अरेस्ट, ऑटो ड्राइवर को देती थी डेली 2 हजार कानपुर में चोर सास-बहू सहित 4 को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है। एक महिला अपने ममेरे भाई की शादी में शामिल होने 30 अप्रैल को बेटे के साथ निकली थी। एक ऑटो बुक कर वह निकली थी। मां-बेटे जिस ऑटो से निकले पहले से ही उसमें 3 महिलाएं बैठी थीं। रास्ते में नशीला स्प्रे छिड़क बेहोश किया। फिर 15 लाख के जेवरात लूटकर फरार हो गईं। आरोपी महाराष्ट्र की रहने वालीं हैं। पूरी खबर पढ़ें 9- योगी बंगाल में 35 जगह गए, 30 पर BJP आगे; CM का स्ट्राइक रेट 85%; केशव का 55% पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में यूपी के नेताओं में सीएम योगी ने सबसे ज्यादा 35 विधानसभा सीटों पर प्रचार किया था। इनमें से 85% यानी 30 सीटों पर भाजपा प्रत्याशी आगे हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 6 सीटों पर प्रचार किया। इनमें से 4 सीटों (66%) पर भाजपा प्रत्याशी आगे हैं। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की प्रचार वाली 55% सीटों पर भाजपा प्रत्याशी बढ़त बनाए हुए हैं। पूरी खबर पढ़ें 10- नोएडा में एक दूसरे का हाथ पकड़कर प्रेमी-प्रेमिका तीसरी मंजिल से कूदे, युवक की मौत नोएडा में प्रेमी-प्रेमिका एक दूसरे का हाथ पकड़कर अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल से कूद गए। लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर्स ने युवक को मृत घोषित कर दिया। युवती की हालत गंभीर देखकर जिला अस्पताल से दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। 35 साल के पुनीत और 20 साल की विद्यादास मेरठ के रहने वाले हैं। युवक प्राइवेट जॉब करता था। पूरी खबर पढ़ें 11- मेरठ में भीषण आग में 12 लोग फंसे; बाप-बेटी की दम घुटने से मौत मेरठ के एक मकान में लगी भीषण आग में दम घुटने से 8 साल की बच्ची और उसके पिता की मौत हो गई। जबकि 2 परिवार के 10 लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। जिस समय आग लगी उस समय मकान में रह रहे लोग सो रहे थे। जब तक लोग कुछ समझ पाते आग ने पूरे मकान को चपेट में ले लिया, चारों तरफ आग और धुआं फैल गया। आग की वजह शार्ट सर्किट बताई जा रही। पूरी खबर पढ़ें 12- योगी बोले- चाचा-भतीजा मॉडल नौकरियों में अब नहीं चलता; लखनऊ में बांटे 500 नियुक्ति पत्र योगी बोले- अब चाचा-भतीजा मॉडल नहीं चलता है। न नौकरियों में सिफारिश चलती, टैलेंट पर सबको नौकरी मिलती। पहले पर्चियां निकलती थीं। वे लखनऊ में एक कार्यक्रम में 500 लेखा परीक्षकों को नियुक्ति पत्र बांटने पहुंचे थे। सीएम ने वित्तीय प्रबंधन का महत्व समझाते हुए कहा- इसी की देन है कि बिना कर्ज के गंगा एक्सप्रेसवे को 42 हजार करोड़ से अधिक खर्च कर बनवाया। पूरी खबर पढ़ें 13- प्रयागराज में रक्षा मंत्री बोले- नॉलेज कॉरिडोर तैयार करें, हमें सरप्राइज एलिमेंट पर काम करना है प्रयागराज में राजनाथ सिंह ने कहा- ऑपरेशन सिंदूर के बाद दुनिया को हमारी ताकत का एहसास हो गया है। मैं प्रो-एक्टिव तैयारी की बात कर रहा हूं। हमें ऐसी क्षमताएं भी विकसित करनी हैं, जिससे दुश्मन सरप्राइज हो जाए। रक्षा मंत्री, नॉर्थ टेक सिम्पोजियम 2026 का उद्घाटन करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा- हमें डिफेंस कॉरिडोर की तरह नॉलेज कॉरिडोर भी तैयार करना होगा। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है… 14- डीएम को 17 बार कॉल की, पूछा- कैसे हो, मुझे जेल तो नहीं भेजोगे संभल में एक युवक ने डीएम को 17 बार फोन किया। युवक ने बताया कि मैंने बस मजे-मजे में कॉल की थी। डीएम सर से पूछा भी था कि कोई सजा तो नहीं देंगे। उन्होंने कहा था नहीं देंगे और देखो मुझे जेल भेज रहे हैं। मैंने तो बस हालचाल लिया था। पुलिस ने युवक का शांतिभंग में चालान किया है। युवक ने एक दिन पहले सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क के कार्यक्रम में शायरी पढ़ी थी। पूरी खबर पढ़ें कल क्या रहेगा खास… 15- शिक्षा मित्रों का सम्मान समारोह 5 मई को गोरखपुर में सीएम योगी शिक्षा मित्रों के प्रदेशस्तरीय सम्मान समारोह को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री, प्रदेश के 1.43 लाख शिक्षा मित्रों को संबोधित करेंगे। मुख्य कार्यक्रम गोरखपुर में जबकि जिलों में भी समानांतर कार्यक्रम आयोजित होंगे। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *