यूपी में भीषण गर्मी और हीटवेव (लू) का प्रकोप जारी है। पारा 48°C के करीब पहुंच गया। सोमवार को बांदा लगातार दूसरे दिन देश में सबसे गर्म शहर रहा। तापमान 47.6°C रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले 27 अप्रैल को भी बांदा में पारा 47.6 °C पहुंचा था। मंगलवार सुबह से ही पूरे प्रदेश में तेज धूप निकली है। 9 बजे ही लू जैसी हवाएं चल रही हैं। सुबह 9.30 बजे प्रयागराज-झांसी में पारा 36°C डिग्री, मेरठ में 34 डिग्री पहुंच गया। भीषण गर्मी की वजह से काशी में सभी स्कूल 25 मई तक के लिए बंद कर दिए गए हैं। हीटवेव अलर्ट के चलते आगरा में 12वीं तक स्कूल आज बंद रहेंगे। चित्रकूट में 8वीं तक के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। कानपुर चिड़ियाघर में भी भीषण गर्मी और लू से जानवरों को बचाने के लिए खास इंतजाम किए हैं। कोबरा सांप के बाड़े में बर्फ से भरी बोतल रखी जा रही है। वह लिपटकर गर्मी से राहत पा रहा है। बिचखोपड़े के लिए भी ठंडे पानी और बर्फ की बोतल का इंतजाम किया गया है। मौसम विभाग (IMD) ने मंगलवार को प्रयागराज, कानपुर, वाराणसी समेत 39 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। आज से 5 दिन पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ेगी। ज्यादातर जिले लू की चपेट में रहेंगे। दिन के वक्त तापमान 44°C से 48°C के बीच रहेगा। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। 23 मई तक भीषण गर्मी पड़ेगी। अधिकांश हिस्सों में तापमान बढ़ेगा। लू चलेगी। तापमान में 3 से 4°C तक की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, मानसून केरल में 26 मई के आसपास पहुंच सकता है। इससे अनुमान लगाया जा रहा कि 18 जून को मानसून गोरखपुर के रास्ते यूपी में प्रवेश करेगा। हालांकि, यह एक संभावित तिथि है। मौसम की तस्वीरें देखिए- अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम? बांदा का ‘इको सिस्टम’ बिगड़ा, इसलिए देश में सबसे गर्म बांदा का तापमान 47°C पार करना अचानक नहीं हुआ। एक्सपर्ट मानते हैं- बांदा के नेचुरल रिसोर्सेज को धीरे-धीरे खत्म किया जा रहा है। 10 साल में बांदा की 20% से 25% पहाड़ियां या तो खत्म हो गईं या उनका 50% से ज्यादा हिस्सा तोड़ दिया गया। केन नदी से हर दिन 2000 ट्रक रेत निकाली जा रही। हर साल जंगल का 13.72% हिस्सा काट दिया जाता है। पढ़िए खास रिपोर्ट यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए-