ये जो फरसा लहरा रहे हो, सब पर मुकदमे होंगे:मेरठ में परशुराम जयंती पर महिला डिप्टी एसपी ने कहा- सबकी फोटोग्राफी हो रही है

मेरठ में रविवार को परशुराम जयंती के अवसर पर जुलूस में फरसा लहराने और डंडा साथ लेकर चलने वालों को महिला डिप्टी एसपी ने सख्त हिदायत दे डाली। डिप्टी एसपी शुचिता सिंह ने मौके पर ही माइक लेकर चेतावनी दी कि जो लोग फरसा और डंडा लेकर चल रहे हैं, उनकी पहचान कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। डिप्टी एसपी वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में हाथ में माइक लेकर लोगों से कह रही हैं- ये जो ऊपर बैठे हैं, फरसा लहरा रहे हैं, डंडा लिए हुए हैं, सबकी फोटोग्राफी हो रही है। सब पर मुकदमा लिखा जाएगा। अब डिप्टी एसपी के इस बयान पर ब्राह्मण समाज में रोष है। लोग तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं, वहीं इसे ब्राह्मण विरोधी भी कहा जा रहा है। पहले जानिए क्या था मामला
भगवान परशुराम के जन्मोत्सव पर ब्राह्मण संगठनों सहित अन्य संस्थाओं की ओर से भव्य कार्यक्रम हुए। सीसीएसयू गेट से शौर्य यात्रा का शुभारंभ हुआ। यात्रा का कई स्थानों पर भव्य स्वागत किया किया गया। इसमें युवा फरसे के साथ चले। चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी गढ़ रोड के सामने से जुलूस निकल रहा था। डिप्टी एसपी शुचिता सिंह की ड्यूटी जुलूस में लगी थी। जुलूस में शामिल युवक हाथ में डंडे, फरसे लिए हुए थे। जुलूस में शामिल युवकों के हाथों में डंडे, फरसे देखकर लेडी ऑफिसर भड़क गईं। उन्होंने जुलूस को सीसीएसयू के गेट के सामने ही रोक लिया। जुलूस रोककर हाथ में माइक लेकर लोगों को धमकाने लगी। अब पढ़िए वीडियो क्या कह रहीं डिप्टी एसपी डिप्टी एसपी शुचिता सिंह ने हाथ में माइक कहा- ये जो ऊपर बैठे हैं, उन सब पर एफआईआर होगी, मैं अभी बता रही हूं, ये जो फरसा लहरा रहे हैं, डंडा लहरा रहे हैं। सबकी फोटोग्राफी हो रही है। इन सब पर मुकदमा लिखा जाएगा। जितने भी डंडे हैं अलग करिए, अलग कराओ। शहरभर में निकले जुलूस, शोभायात्रा
परशुराम जयंती पर मेरठ जिले में शहर से देहात तक शोभायात्राओं, जुलूस और जयंती समारोहों का आयोजन था। कई स्थानों पर जुलूसों में युवकों ने डंडे और परशुराम का प्रतीक चिन्ह फरसा भी लहराया। हाथ में फरसे, डंडे लेकर युवक जुलूस में शामिल हुए। दिल्लीरोड के जुलूस में भी लहराए फरसे
दिल्लीरोड, परतापुर में भी परशुराम जयंती पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस शोभायात्रा में भाजपा से राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर मुख्य अतिथि रहे। जुलूस में बुलडोजर को भी शामिल किया गया। वहीं युवक हाथ में तलवार, डंडे और फरसे लेकर शोभायात्रा में शामिल हुए। युवकों ने शक्ति प्रदर्शन किया। लोग बोले- ये तो सीधे आस्था पर प्रहार डिप्टी एसपी शुचिता सिंह का यह वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। त्यागी, ब्राहमण समाज इसका विरोध भी कर रहा है। लोगों ने वीडियो पर तरह-तरह के कमेंट्स भी करने शुरू कर दिए हैं। लोगों ने लिखा- ये तो आस्था पर प्रहार है। त्यागी समाज से बीजेपी को इतनी नफरत क्यों हैं। प्रशासन को जिले में हो रहे अन्य अपराधों पर यह गंभीरता दिखाना चाहिए, लेकिन वहां कुछ नहीं हो रहा…इस तरह के अन्य कमेंटस भी लोग कर रहे हैं। वहीं त्यागी ब्राहमण समाज के अध्यक्ष मांगेराम त्यागी ने भी इसकी कड़ी निंदा की है। कहा कि जहां अपराध पर कड़ी कार्रवाई होना चाहिए। वहां आस्था के प्रतीकों पर सख्ती दिखाई देती है। वर्तमान सरकार को ब्राह्मणों से परेशानी है- श्रीकांत त्यागी वहीं राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीकांत त्यागी ने कहा- परशुराम जयंती पर हमारे समाज के कुछ लोगों ने किठौर के माछरा में एक स्कूल में निजी रूप से पूरी तरह एक निजी आयोजन करना सुनिश्चित किया था। इसमें स्कूली छात्राओं को स्टेशनरी, यूनिफार्म, पुरस्कार आदि वितरित होने थे, लेकिन प्रशासन ने हमें उस आयोजन की अनुमति नहीं दी। कहा इससे माहौल बिगड़ेगा। आज इस तरह समाज के लोगों को धमकाया जा रहा है। ये स्पष्ट करता है कि वर्तमान सरकार को त्यागी, ब्राह्मणों से कितनी परेशानी है। अब जानिए कौन है डिप्टी एसपी शुचिता सिंह डिप्टी एसपी शुचिता सिंह यूपी के प्रतापगढ़ जिले के बहुचरा रहने वाली हैं। पिता अखिलेश सिंह पूर्व पीसीएस अफसर हैं। बहन मुदिता सिंह J.P. Morgan Chase में Vice President हैं। शुचिता सिंह को ट्रेनिंग के दौरान सर्वोत्तम कैडेट का अवार्ड मिला था। लंबे समय से मेरठ में तैनात हैं। यहां सीओ दौराला रह चुकी हैं। मेरठ के गढ़ रोड स्थित होटल हारमनी इन में दिवाली के समय चल रहे कसीनो पर रेड डालने वाले अफसरों में शामिल रही हैं। 2024 में गाजीपुर के पूर्व सांसद राधे मोहन सिंह के बेटे के साथ उनकी शादी हुई थी। ——————— ये खबर भी पढ़ें…. यूपी में 40 IAS ट्रांसफर, 15 जिलों के DM बदले:परिवहन आयुक्त किंजल सिंह को हटाया, UPPCL के एमडी भी हटाए गए योगी सरकार ने रविवार देर रात 40 IAS अफसरों के तबादले कर दिए हैं। 15 जिलों के जिलाधिकारी (DM) बदले गए हैं। परिवहन आयुक्त किंजल सिंह को हटाकर माध्यमिक शिक्षा विभाग का सचिव बनाया गया है। हाल ही में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे 2010 बैच के IAS आशुतोष निरंजन को नया परिवहन आयुक्त बनाया है। पढ़ें पूरी खबर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *