पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह के पिता एवं एक्टर योगराज सिंह द्वारा चंडीगढ़ जिला अदालत में दायर अग्रिम जमानत पर आज सुनवाई होगी। वहीं चंडीगढ़ में दर्ज FIR में लापरवाही सामने आई थी। सेक्टर-36 थाना पुलिस ने योगराज सिंह के पते की जगह पंजाब महिला आयोग का पता लिख दिया था, जिसके बाद पुलिस ने अपनी गलती को सुधारा। योगराज के खिलाफ चंडीगढ़ के 2 एडवोकेट ने पुलिस को शिकायत दी थी। एडवोकेट ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो क्लिप को इसका आधार बनाया है। उनका आरोप है कि वीडियो में महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया है। यह वीडियो क्लिप अमेजन प्राइम वीडियो पर 8 मई, 2026 को रिलीज हुई हिंदी वेब सीरीज लुक्खे के एक एपिसोड से काटी गई है। शिकायत में क्या, 4 पॉइंट में पढ़िए… अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया: जिला बार एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष एवं एडवोकेट उज्ज्वल भसीन और जतिन वर्मा की तरफ से यह शिकायत 12 मई को एसएसपी को भेजी गई है। उन्होंने दलील दी है कि सोशल मीडिया पर 17 सेकेंड का एक वीडियो वायरल हुआ है। इसमें महिलाओं के खिलाफ शर्मनाक, अपमानजनक और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया है। इसमें कहा गया है “जनानी दिन में चूल्हे…” जैसे शब्दों का प्रयोग किया गया है। जो चीज बोली जा रही है वह बकायदा स्क्रीन में लिखा आता है। महिलाओं की गरिमा पर सीधा हमला: पत्र में दूसरा तर्क है यह न केवल अपमानजनक है, बल्कि हमारी माताओं, बहनों, बेटियों और पत्नियों सहित हर महिला की गरिमा, शालीनता और सम्मान पर सीधा हमला है। योगराज सिंह जैसे राष्ट्रीय स्तर के प्रभावशाली व्यक्ति के मुंह से ऐसी भाषा का प्रयोग किया गया है। योगराज सिंह के खिलाफ FIR की मांग: शिकायत में लिखा गया कि क्या ऐसे बयान वास्तव में सिख सिद्धांतों से जुड़ी समानता और सम्मान की शिक्षाओं को दर्शाते हैं? ऐसी भाषा उन नैतिक मूल्यों के खिलाफ है, जो एक “गुरु सिख” से अपेक्षित होते हैं। महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए योगराज सिंह और अन्य संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ तुरंत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। सेलिब्रिटी होने के बावजूद गैरजिम्मेदाराना भाषा: शिकायत के आखिर में उन्होंने दलील दी है कि एक जानी-मानी हस्ती होने के नाते उनके ऐसे बयान समाज में महिलाओं के प्रति नफरत की विचारधारा को सामान्य बनाने और सार्वजनिक भावनाओं को आहत करने का काम करते हैं। क्या सीन है, जिसमें योगराज सिंह ने डायलॉग बोला…वेब सीरीज लुक्खे में योगराज सिंह के कैरेक्टर वालिया साहब को पुलिस स्टेशन बुलाया गया है। वहां एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और एक महिला पुलिस अधिकारी मौजूद हैं। तीनों में बात होने के बाद पुलिस अधिकारी योगराज के कैरेक्टर वालिया साहब को साइड में ले जाता है। महिला अधिकारी से दूर होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी वालिया से अपनी महिला पुलिस अधिकारी की तारीफ करता है। इसी दौरान योगराज का कैरेक्टर महिलाओं की बेइज्जती करता है और उनके लिए गलत बातें बोलता है। योगराज सिंह के 5 विवादित बयान… सितंबर 2024 में MS धोनी पर लगाया आरोप: योगराज सिंह ने एक यूट्यूब इंटरव्यू में आरोप लगाया था कि पूर्व क्रिकेटर एमएस धोनी ने युवराज सिंह का करियर बर्बाद किया। इस बयान पर काफी विवाद हुआ था। हालांकि, युवराज सिंह ने कभी इस बयान का समर्थन नहीं किया। बाद में अप्रैल 2026 में योगराज सिंह ने सार्वजनिक मंच से माफी मांगी थी। जनवरी 2025 में कपिल देव को गोली मारने की बात कही: जनवरी 2025 में दिए एक इंटरव्यू में योगराज सिंह ने दावा किया था कि वह पूर्व क्रिकेटर कपिल देव को गोली मारने के इरादे से उनके घर तक बंदूक लेकर पहुंच गए थे। हालांकि, उन्होंने कहा कि कपिल देव की मां को सामने देखकर वह रुक गए। पत्नी और इंदिरा गांधी पर विवादित टिप्पणी: जनवरी 2025 में योगराज सिंह ने एक इंटरव्यू सीरीज के दौरान पत्नी को “पावर” न देने और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पर देश बर्बाद करने जैसी विवादित टिप्पणी की थी। हिंदी बोलने वाले पुरुषों का मजाक उड़ाया: 12 जनवरी 2025 को एक शो के दौरान योगराज सिंह का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह हिंदी बोलने वाले पुरुषों का मजाक उड़ाते नजर आए थे। इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर काफी आलोचना हुई थी। रोहित-विराट के करियर में महिलाओं को लेकर बयान: जनवरी 2025 में योगराज सिंह ने रोहित शर्मा और विराट कोहली के करियर और संन्यास को लेकर भी विवादित टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि खिलाड़ियों के करियर के बीच महिलाओं को नहीं आना चाहिए। इस बयान पर भी काफी बवाल हुआ था।