योगी का बड़ा फैसला- मंत्रियों का काफिला घटेगा:सांसद-विधायक एक दिन बस-मेट्रो से चलेंगे; बड़ी कंपनियों में 2 दिन वर्क फ्रॉम होम

देश में ऊर्जा संकट को लेकर पीएम मोदी की अपील के बाद यूपी में योगी सरकार ने मंगलवार को 7 बड़े फैसले लिए हैं। मुख्यमंत्री, मंत्रियों, विधायकों और अफसरों का काफिला 50% घटेगा। हफ्ते में एक दिन इन्हें पब्लिक ट्रांसपोर्ट या बस-मेट्रो से चलना होगा। सभी सरकारी बैठकें, सेमिनार, कॉन्फ्रेंस, वर्कशॉप वर्चुअल होंगी। राज्य सचिवालय की भी 50% बैठकें वर्चुअल होंगी। सीएम ने कहा, जिन कंपनियों में बड़ी संख्या में कर्मचारी हैं, उन्हें सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम के लिए राज्य स्तर पर एडवाइजरी जारी की जाए। सीएम योगी ने लोगों से 10 अपील भी की है। उन्होंने कहा कि हफ्ते में एक दिन नो व्हीकल डे मनाया जाए। पेट्रोल-डीजल और बिजली बचाएं। सजावटी लाइटें कम जलाई जाएं। बेवजह सोना न खरीदें। योगी ने कहा, इस समय दुनिया में उथल-पुथल है। ऐसे में सभी को सावधानी बरतनी होगी। पीएम के आह्वान का पालन करना होगा। सरकारी कर्मचारियों, स्कूलों-कॉलेजों के बच्चों समेत समाज के विभिन्न वर्गों को इस अभियान से जोड़ा जाए। सीएम योगी आदित्यनाथ ने यह सभी फैसले मंगलवार शाम लखनऊ में अपने आवास पर अधिकारियों के साथ अहम बैठक में लिए। जिसमें सभी प्रमुख विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) और प्रधान सचिव मौजूद रहे। ईरान-इजराइल युद्ध के चलते पैदा हुए ऊर्जा संकट और आर्थिक चुनौतियों के बीच पीएम मोदी ने 10 और 11 मई को लोगों से पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के संयमित उपयोग, अनावश्यक विदेश यात्रा कम करने, सोने की खरीदारी पर ब्रेक लगाने और वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा देने की अपील की थी। पीएम मोदी ने लगातार 2 दिन कहा- पेट्रोल-डीजल का उपयोग कम करें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 और 11 मई को सार्वजनिक मंच से कहा कि आज के समय में पेट्रोल-डीजल और गैस का इस्तेमाल कम करना होगा। पड़ोस में चल रहे युद्ध के असर से दुनियाभर में पेट्रोल-डीजल के दाम कई गुना बढ़ गए हैं। भारत पर इस वैश्विक संकट का असर ज्यादा है। हमारे पास तेल के बड़े कुएं नहीं हैं। आज हमें वर्क फ्रॉम होम जैसे उपायों की जरूरत है। जिन शहरों में मेट्रो है, वहां लोग मेट्रो का इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि पहले जब युद्ध होता था लोग सोना दान में दे देते थे। आज दान की जरूरत नहीं है, लेकिन हमें आज ये संकल्प लेना होगा कि अगले 1 साल तक कोई भी कार्यक्रम हो, सोना न खरीदें। इससे विदेशी मुद्रा भी बचेगी। PM मोदी की 5 बड़ी बातें… एक साल तक सोना न खरीदने की अपील- सोने के आयात में बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा खर्च होती है। देशहित में लोगों को एक साल तक सोना खरीदने और दान करने से बचना चाहिए। पेट्रोल-डीजल बचाएं, कारपूलिंग करें- अनावश्यक वाहन उपयोग कम करें, मेट्रो में सफर और कारपूलिंग करें। ज्यादा से ज्यादा लोगों को उसमें बिठाकर ले जाएं। खाद्य तेल की खपत कम करने पर जोर- हर परिवार अगर खाने के तेल का इस्तेमाल थोड़ा कम करे, तो इससे विदेशी मुद्रा की बचत होगी और लोगों की सेहत भी बेहतर रहेगी। रासायनिक खाद की जगह प्राकृतिक खेती अपनाएं- देश को रासायनिक उर्वरकों की खपत आधी करने का लक्ष्य रखना चाहिए और तेजी से प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ना चाहिए। विदेश यात्राएं टालने की अपील- वैश्विक हालात और महंगे ईंधन के कारण भारत पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में शादियों, छुट्टियों और अन्य कारणों से विदेश यात्रा कुछ समय के लिए टालना देशहित में होगा। विपक्ष ने पीएम मोदी की अपील पर उठाए सवाल राहुल बोले- देश चलाना मोदी के बस की बात नहीं, अपीलें नाकामी के सबूत कांग्रेस नेता राहुल गांधी, बसपा प्रमुख मायावती और सपा प्रमुख अखिलेश यादव समेत विपक्षी नेताओं ने पीएम मोदी की अपील को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। कहा कि सिर्फ संयम की अपील नहीं, बल्कि गरीबों को ठोस राहत भी दी जाए। राहुल गांधी ने कहा कि अब देश चलाना प्रधानमंत्री के बस में नहीं रह गया है। X पर एक पोस्ट में राहुल ने लिखा, ‘कल मोदी जी ने जनता से त्याग मांगा। सोना मत खरीदो, विदेश मत जाओ, पेट्रोल कम इस्तेमाल करो, खाद और खाने के तेल का उपयोग घटाओ, मेट्रो से चलो, घर से काम करो। ये उपदेश नहीं हैं। ये विफलता हैं।’ उन्होंने कहा, ‘12 साल में देश को इस मुकाम पर ला दिया है कि जनता को बताना पड़ रहा है। क्या खरीदें, क्या नहीं। कहां जाए, कहां नहीं।’ समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, “भाजपा सरकार अर्थव्यवस्था और विदेश नीति दोनों को संभालने में विफल रही है। जैसे ही चुनाव खत्म हुए, सरकार को अचानक ‘संकट’ याद आ गया। असल में देश के लिए केवल एक ही संकट है और उसका नाम भाजपा है।” AAP नेता संजय सिंह ने कहा, ‘कल पीएम मोदी ने कहा कि पिछले दो महीनों से सरकार आपका बोझ उठा रही थी। अब जब चुनाव खत्म हो गए हैं, तो आपकी उपयोगिता भी खत्म हो गई। आपका बोझ तब तक उठाया, जब तक पांच राज्यों में चुनाव चल रहे थे। अब वे लोगों से कह रहे हैं कि तेल, पेट्रोल और गैस कम इस्तेमाल करें और सोना न खरीदें। क्या उन्हें चुनाव के दौरान यह सब याद नहीं था।’ ———————— यह खबर भी पढ़िए:- अनिरुद्धाचार्य से लड़की बोली- मुस्लिम युवक ने प्रेमजाल में फंसाया:कथावाचक बोले- ये मीठा बलात्कार है; देवरिया में आरोपी अरेस्ट कथावाचक अनिरुद्धाचार्य की कथा में देवरिया की एक छात्रा ने अफेयर और ब्लैकमेलिंग की आपबीती सुनाई। छात्रा ने बताया कि 14 साल की उम्र में एक मुस्लिम युवक ने उसे प्रेमजाल में फंसाया। वह उसके साथ मंदिर गया और शादी की। इसके बाद युवक रुपए मांगता और मना करने पर मारपीट करता। इस पर अनिरुद्धाचार्य ने कहा कि यह ‘मीठा बलात्कार’ है। युवतियों को ऐसे मामलों से सतर्क रहना चाहिए। छात्रा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद विधायक शलभमणि त्रिपाठी ने एसपी को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की। 10 मई को छात्रा की मां ने बरियारपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने केस दर्ज कर मंगलवार को आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पढ़ें पूरी खबर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *