रेवाड़ी के विकास नगर कंकरवाली निवासी स्कूल संचालक आकाश गौड़ का शव सेक्टर-18 में उनकी कार के अंदर मिला। वे कार की सीट पर बैठे हुए थे। जानकारी के अनुसार, आकाश गौड़ 18 मई को किसी जरूरी काम से घर से निकले थे। उनकी पत्नी से आखिरी बार 19 मई को फोन पर बात हुई थी। 20 मई को उनके बेटे ने स्कूल बस से जाते समय रास्ते में अपने पिता की कार खड़ी देखी। स्कूल से लौटने के बाद उसने परिवार को इसकी जानकारी दी। सूचना के बाद पहुंचे परिजन सूचना मिलने पर परिजनों ने आकाश की तलाश शुरू की। गढ़ी बोलनी रोड से सेक्टर-18 की ओर जाने वाली सड़क पर उनकी कार खड़ी मिली। कार के अंदर आकाश का शव सीट पर बैठी हुई अवस्था मिला। इसके बाद परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आज होगा शव का पोस्टमार्टम घटना की सूचना मिलते ही मॉडल टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि कार में सभी सामान सुरक्षित पाए गए हैं। आकाश गौड़ बूढ़पुर में एक प्राइमरी स्कूल का संचालन करते थे। मॉडल टाउन थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।