उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव रविवार को हरियाणा के रेवाड़ी पहुंचे। वह ओल्ड राव पैलेस में अपनी भांजी डॉ. श्वेता की शादी में शामिल हुए। इसके बाद वह पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव के घर पर गए। मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि अहीरवाल ही हरियाणा में सरकार बनाते हैं, इसलिए मुख्यमंत्री भी अहीरवाल से ही होना चाहिए। हम अहीर रेजिमेंट के पक्ष में हमेशा रहे हैं। गुजरात रेजिमेंट भी बननी चाहिए, क्योंकि वहां के लोग कम संख्या में सेना में जाते हैं। अखिलेश के पिता स्व. मुलायम सिंह यादव की चचेरे बहन कुसुमलता की रेवाड़ी में शादी हुई थी। कुसुमलता की नातिन डॉ. श्वेता है। वह विराट अस्पताल में डॉक्टर हैं। उनके मंगेतर डॉ. ऋषभ भी रेवाड़ी के ही रहने वाले हैं। जानिए अखिलेश यादव ने क्या कहा… मोदी सरकार जनगणना से भाग रही अखिलेश यादव ने कहा कि विपक्ष की एकजुटता के चलते मोदी सरकार झुक गई। मोदी सरकार जनगणना से भाग रही है, क्योंकि जनगणना से जातियों का पता चलेगा और लोग बाबा साहब के संविधान के तहत अपने हक और अधिकार मांगेंगे। विपक्ष पूरी तरह से महिला आरक्षण के पक्ष में है। मनमाने तरीके से परिसीमन थोपने का षड्यंत्र रचा गया था। हरियाणा में PDA फार्मूला लागू हो उन्होंने कहा कि वे चाहते हैं कि हरियाणा में भी उत्तर प्रदेश और बिहार की तरह PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फार्मूला लागू हो और सब एक साथ आएं। पश्चिम बंगाल, असम व तमिलनाडु में बीजेपी की हालत बुरी तरह से खराब है। बीजेपी ने अपने प्रत्याशियों की जमानत बचाने के लिए तीन दिन का संसद का विशेष सत्र बुलाया है, ताकि इंडिया गठबंधन के सांसद प्रचार न कर सकें। यूपी में कांग्रेस के साथ लड़ेंगे चुनाव अखिलेश ने आगे कहा कि भाजपा ने आज तक अपने संगठन की अध्यक्ष किसी महिला को नहीं बनाया। इंडिया गठबंधन उत्तर प्रदेश चुनाव में इकट्ठा लड़ेगा और कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ा जाएगा। मोदी द्वारा अखिलेश को मित्र बताए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्होंने हाथ जोड़कर कहा था कि उन्हें ऐसे मित्र की जरूरत नहीं है। श्वेता ने गाजियाबाद, ऋषभ ने बरेली से MBBS की झाल गांव निवासी राजबीर के 2 बेटों में डॉ. ऋषभ बड़े हैं। ऋषभ के पिता राजबीर यादव कृष्णा एजुकेशन सोसाइटी के नाम से स्कूल-कॉलेज चलाते हैं। ऋषभ की स्कूलिंग कोसली में हुई। फिलहाल डॉ. ऋषभ बरेली से MBBS करने के बाद मास्टर ऑफ चिरुर्गिया (MCH) कर रहे हैं। बूढ़पूर गांव निवासी सुखबीर सिंह यादव की बेटी श्वेता की स्कूलिंग रेवाड़ी में हुई। उन्होंने गाजियाबाद से MBBS की। डॉ. श्वेता के भाई डॉ. विराट बाल रोग विशेषज्ञ हैं। रेवाड़ी में 2017 से अपना अस्पताल चला रहे हैं। दोनों परिवार एक-दूसरे को जानते हैं डॉ. विराट ने कहा कि डॉ. श्वेता और डॉ. ऋषभ की शादी अरेंज मैरिज है। दोनों परिवार लंबे समय से एक दूसरे को जानते हैं। श्वेता की मेडिकल की पढ़ाई पूरी होने के बाद दोनों परिवारों ने ऋषभ और श्वेता की शादी पर विचार किया। जब ऋषभ और श्वेता से रिश्ते के बारे में पूछा तो उन्होंने भी हां कर दी। जिसके बाद दोनों परिवारों ने अपनी पुरानी जान-पहचान को रिश्तेदारी में बदलने का निर्णय लिया। अब जानिए मुलायम परिवार का रेवाड़ी से क्या नाता…. मुलायम यादव की चचेरे बहन की शादी रेवाड़ी में हुई उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. मुलायम सिंह यादव की चचेरी बहन कुसुमलता की शादी रेवाड़ी के नंदरामपुर बास गांव में एडवोकेट महेंद्र सिंह से हुई थी। कुसमलता ने अपनी बेटी संगीता की शादी बूढ़पूर के रहने वाले सुखबीर सिंह से की। संगीता और सुखबीर सिंह के दो बच्चे- विराटवीर और श्वेता हैं। दोनों डॉक्टर हैं और शहर में विराट अस्पताल चलाते हैं। 2021 में कुसुमलता का निधन हुआ मुलायम सिंह यादव यूपी के मुख्यमंत्री और देश के रक्षामंत्री रहते हुए रेवाड़ी आए थे। 31 मार्च 2021 में कुसुमलता का निधन हो गया था। तब मुलायम सिंह उनके घर तो नहीं आए, लेकिन फोन पर परिवार को सांत्वना दी थी। 10 अक्टूबर 2022 को मुलायम सिंह यादव का भी निधन हो गया था। आखिरी बार 2017 में रेवाड़ी आए मुलायम सिंह यादव मुलायम सिंह यादव आखिरी बार सितंबर 2017 में रेवाड़ी आए थे। तब उन्होंने डॉ. विराटवीर अस्पताल का उद्घाटन किया था। इसके बाद मुलायम यादव बिहार के पूर्व CM लालू यादव के समधी कैप्टन अजय सिंह यादव के मॉडल टाउन स्थित आवास पर भी गए और परिवार के लोगों से बात की थी।