लुधियाना में आज BJP करेगी सीपी दफ्तर का घेराव:जड़ेगी ताला; AAP की धक्का-मुक्की का जताएगी विरोध, अलर्ट मोड पर पुलिस, सुरक्षा घेरा बढ़ाया

लुधियाना में आम आदमी पार्टी (AAP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच की ज़ुबानी जंग अब सड़कों पर उतर आई है। बीते कल (10 मई) बीजेपी दफ्तर के बाहर हुई जबरदस्त धक्का-मुक्की और हंगामे के विरोध में आज भाजपा ने बड़ा ऐलान किया है। बीजेपी जिला अध्यक्ष रजनीश धीमान के नेतृत्व में दोपहर 12:15 बजे कार्यकर्ता पुलिस कमिश्नर दफ्तर का घेराव करेंगे और प्रतीकात्मक रूप से वहां ताला लगाएंगे। बता दें कि, कल आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने लुधियाना स्थित बीजेपी दफ्तर का घेराव किया था। इस दौरान दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की हुई थी। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई थी कि पुलिस को बीच-बचाव करना पड़ा। बीजेपी का आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में उनके कार्यकर्ताओं के साथ बदसलूकी हुई और प्रशासन मूकदर्शक बना रहा। आप कार्यकर्ता गुंडागर्दी पर उतर आए बीजेपी जिला अध्यक्ष रजनीश धीमान ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध का हक सबको है, लेकिन सत्ता के नशे में चूर आप कार्यकर्ता गुंडागर्दी पर उतर आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन दबाव में काम कर रहा है और बीजेपी कार्यकर्ताओं की सुरक्षा में नाकाम रहा है। इसी के विरोध में आज दोपहर सवा बारह बजे कमिश्नर दफ्तर को ताला जड़ा जाएगा। भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती बीजेपी के इस बड़े ऐलान के बाद पुलिस प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। कमिश्नर दफ्तर के बाहर सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया गया है। भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की घटना को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *