लुधियाना में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशेड़ियों की पनाहगाह बने खंडहरनुमा कमरों को JCB मशीनों से ढहा दिया। कार्रवाई के दौरान ACP राज कुमार और थाना डिवीजन नंबर-7 के SHO गगनदीप मल्होत्रा मौके पर मौजूद रहे। यह कार्रवाई थाना डिवीजन नंबर-7 के अंतर्गत आने वाले मोहल्ला जगदीश नगर और बुड्ढा दरिया किनारे की गई, जहां लंबे समय से असामाजिक तत्व इन खंडहरों का इस्तेमाल नशा करने और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के लिए कर रहे थे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इलाके के लोगों की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि यह स्थान नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का अड्डा बन चुका है, जिससे स्थानीय लोगों में डर और असुरक्षा का माहौल था। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वीरवार को JCB मशीनों की मदद से पूरा ढांचा ढहा दिया गया। इस दौरान भारी पुलिस बल भी तैनात रहा। बुड्ढा दरिया किनारे अस्थायी पुलिस चौकी बनाने की योजना ACP राज कुमार ने बताया कि नशे के खिलाफ अभियान को और मजबूत करने के लिए बुड्ढा दरिया किनारे अस्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने की योजना पर काम चल रहा है। इस संबंध में स्थानीय विधायक से भी बातचीत की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य इलाके से नशा और अपराध पूरी तरह खत्म करना है और ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। वहीं, काउंसलर अश्वनी शर्मा ने पुलिस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ इस अभियान में पूरा सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कदम युवाओं को नशे से बचाने और इलाके की सुरक्षा के लिए जरूरी था।