लुधियाना के जगराओं में गुरुवार की रात करीब 8 बजे 3 बदमाशों ने एक ज्वेलरी शॉप को लूट लिया। पिस्टल और तलवारों के दम पर न सिर्फ दुकान में लूटपाट की, बल्कि वहां बैठे एक ग्राहक पर भी तलवार से जानलेवा हमला कर उसे लहुलूहान कर दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। विरोध करने पर आरोपियों ने शॉप मालिक को उठाकर पर काउंटर पर पटक दिया। इसके बाद आरोपी चांदी के गहनों के तीन डब्बे और जेब में से सोने की चैन व कैश लेकर गए हैं। कुल मिलाकर साढ़े 3 लाख रुपए की लूट हुई है। बदमाशें ने करीब डेढ मिनट में इस पूरी घटना को अंजाम दिया। ज्वेलरी शॉप लूटने से पहले बदमाश 7:51 बजे रोहित आई अस्पताल में घुसे थे, लेकिन गेट न खुलने के कारण वे ज्वेलरी शॉप में पहुंचे और वरदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। वीडियो में क्या दिख रहा..सेकेंड-टू-सेकेंड फुटेज जानिए तलवार और पिस्टल तानकर घुसे तीन नकाबपोश पीड़ित भवन कुमार ने बताया कि उनकी कच्चा मलक रोड पर ‘न्यू कंडा ज्वेलर्स’ के नाम से सोने-चांदी की दुकान है। गुरुवार रात करीब 8 बजे दुकान पर रोजाना की तरह काम चल रहा था। उनके पिता अशोक कुमार दुकान के अंदर बैठे एक ग्राहक से किसी गहने को लेकर बात कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तीन नकाबपोश बदमाश फिल्मी स्टाइल में दुकान के अंदर दाखिल हुए। अंदर घुसते ही बदमाशों ने हथियार लहराना शुरू कर दिया। उनमें से एक बदमाश के हाथ में पिस्टल थी, जबकि दूसरे के हाथ में चमचमाती हुई तलवार थी। विरोध करने पर ग्राहक को तलवार मारी दुकान के अंदर आते ही बदमाशों ने हथियारों के बल पर सबको बंधक बना लिया। जब दुकान में मौजूद ग्राहक ने इस बात का विरोध करना चाहा, तो तैश में आए बदमाशों ने उसके सिर और शरीर पर तलवार से सीधा वार कर दिया। तेजधार हथियार लगने के कारण ग्राहक गंभीर रूप से घायल हो गया और फर्श पर गिर पड़ा। दुकान में खून बिखरा देख आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। सोने-चांदी के गहने समेटकर हुए भागे बदमाश इसके बाद बदमाशों ने दुकान के काउंटर और लॉकर को खंगाला। बाप-बेटे को पिस्टल की नोंक पर डराकर बदमाश दुकान में रखी सोने-चांदी की चेनें, कीमती जेवरात और नकदी समेटकर पलक झपकते ही मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद घायल ग्राहक को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मामले की जांच कर रही पुलिस घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। पुलिस ने ज्वेलर्स और आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस का दावा है कि बदमाशों का सुराग लगा लिया गया है और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे धकेल दिया जाएगा। लेकिन इस वारदात के बाद से जगराओं के व्यापारिक वर्ग और सुनारों में भारी डर और रोष का माहौल है। मामले की जांच कर रही पुलिस थाना सिटी के इंचार्ज परमिंदर सिंह ने बताया कि पीड़ितों के बयान लेकर मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस सीसीटीवी कैमरे चेक कर रही है।