लुधियाना में आवारा कुत्तों को कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खिलाकर मारने का मामला सामने आया है। थाना सलेम टाबरी पुलिस ने गांव हुसैनपुरा निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी पर 3 कुत्तों की मौत कराने का आरोप है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। शिकायतकर्ता मनी सिंह, जो हेल्थ फॉर एनिमल एसोसिएशन के प्रधान हैं, ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनकी संस्था बेसहारा और घायल जानवरों का इलाज करवाने के साथ-साथ उनके खिलाफ हो रहे अत्याचार के मामलों में इंसाफ की मांग करती है। 20 मई की है घटना मनी सिंह के अनुसार, 20 मई 2026 को उन्हें कविता शर्मा नाम की महिला का फोन आया। महिला ने बताया कि वह “Silent Furrow” नाम की संस्था चलाती है और गांव हुसैनपुरा में 3 आवारा कुत्ते जमीन पर बेसुध गिरे पड़े हैं तथा उनकी हालत गंभीर है। सूचना मिलते ही मनी सिंह मौके पर पहुंचे। वहां जाकर देखा कि तीनों कुत्तों की मौत हो चुकी थी। आस-पास के लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि गांव के ही सुखविंदर सिंह ने कथित तौर पर कुत्तों को जहरीली चीज खिलाई थी। आरोपी सुखविंदर सिंह के खिलाफ पर्चा दर्ज शिकायतकर्ता ने बताया कि रात होने के कारण वह अगले दिन 21 मई को आरोपी के पास गए। आरोप है कि बातचीत के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने जहरीला पदार्थ रखा था, जिसे कुत्तों ने खा लिया और उनकी मौत हो गई। मामले की शिकायत मिलने के बाद थाना सलेम टाबरी पुलिस ने आरोपी सुखविंदर सिंह निवासी हुसैनपुरा के खिलाफ BNS की धारा 325 और Animal Act की धारा 11 के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।