करनाल में लेडी क्लर्क डिंपल अरोड़ा के मर्डर के मामले में रविवार देर शाम पुलिस ने एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया। आरोपी के कमर से नीचे दो गोली लगी हैं। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ के बाद एसपी नरेंद्र बिजारणिया के साथ पुलिस की अन्य टीमें इंद्री रोड पर मुठभेड़ वाली जगह पर पहुंचीं। आरोपी की पहचान कुरुक्षेत्र में लाडवा के सलीमपुर के रहने वाले विकास उर्फ संजू के रूप में हुई है। विकास का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड है। कुरुक्षेत्र में मर्डर एक मामले में 20 साल की सजा हुई थी। जमानत पर आकर वह फरार हो गया था। दावा किया जा रहा है कि डिंपल का पड़ोसी के साथ पार्किंग को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद उस पड़ोसी ने विकास को सुपारी देकर डिंपल की हत्या करा दी। एक विवाद कनाडा में रह रही डिंपल की बेटी दीया से जुड़ा हुआ भी बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस की तरफ से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। 15 मई की दोपहर को सेक्टर-9 में डिंपल अरोड़ा की घर के बाहर सिर में गोली मारकर हत्या की गई थी। हमलावर बाइक पर आया था। डिंपल अरोड़ा बिजली निगम में क्लर्क के साथ कर्मचारी यूनियन की प्रधान भी थीं। सिर से पिस्टल सटाकर डिंपल को गोली मारी थी इंद्री रोड पर आरोपी की सूचना मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार देर शाम करीब साढ़े 8 बजे सीआईए टीम को सूचना मिली थी कि लेडी क्लर्क डिंपल अरोड़ा की हत्या करने वाला युवक इंद्री रोड पर मौजूद है। टीम मौके पर पहुंची तो एक युवक बाइक से जाता हुआ दिखाई दिया। टीम ने उसे रुकने का इशारा किया। युवक ने तभी बाइक रोककर पुलिस पर फायरिंग कर दी। दो गोलियां लगते ही गिरा युवक जवाबी कार्रवाई करते हुए टीम ने भी गोलियां चलाईं। दोनों तरफ से कई राउंड फायर हुए। आखिर में युवक की कमर से नीचे दो गोलियां लगीं। युवक बाइक से सड़क पर ही गिर गया। इसके बाद टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस उसे ट्रॉमा सेंटर ले गई। वहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद डीएसपी राजीव, डीएसपी संदीप, सदर थाना एसएचओ और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। DSP बोले- आरोपी से पूछताछ कर रहे DSP राजीव कुमार ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से एक पिस्टल, गोलियां और एक बाइक बरामद की गई है। जब DSP से पड़ोसी से रंजिश और बेटी से जुड़े विवाद को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि मैं अभी इस पर कोई टिप्पणी नहीं करूंगा। मामले की जांच की जा रही है। आरोपी शातिर अपराधी है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने हत्या किसके कहने पर की। जो भी सामने आएगा, उसे मीडिया के सामने लाया जाएगा। अब जानिए कैसे हुई थी डिंपल अरोड़ा की हत्या…. खाना खाने घर आई थी डिंपल सेक्टर-9 में डिंपल अरोड़ा अपने परिवार के साथ रहती थीं। इनके पति विमल अरोड़ा हैं। इनके तीन बच्चे हैं। दो बेटियां दीया, गुनगुन और एक बेटा देवांश है। दीया कनाडा रहती है। डिंपल शुक्रवार दोपहर को खाना खाने के लिए घर आई थी। डिंपल घर के बाहर स्कूटी लॉक कर रही थी, तभी एक अज्ञात युवक हेलमेट लगाकर आया और उसके सिर में गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पति बोले- किसी से कोई रंजिश नहीं थी डिंपल के पति विमल अरोड़ा ने बताया था कि उनकी किसी से रंजिश नहीं है। डिपंल डेली की तरह खाना खाने के लिए दिन में घर पर आई थी। बेटी गुनगुन ने डिंपल को गिरे हुए देखा। इसके बाद उसने परिवार को बुलाया। डिपंल के सिर से काफी खून निकल रहा था। उसे अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ————————– ये खबर भी पढ़ें :- लेडी क्लर्क की गोली मारकर हत्या,VIDEO:करनाल में हेलमेट पहनकर आए युवक ने पिस्टल सिर से सटाकर फायर किया; कर्मचारी यूनियन की प्रधान थी करनाल में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक महिला क्लर्क की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। महिला सेक्टर-9 में अपने घर के बाहर स्कूटी लॉक कर रही थी। इसी दौरान हेलमेट पहनकर आया युवक गोली मारकर फरार हो गया। पढ़ें पूरी खबर…