विवादों में घिरे हॉकी ओलंपियन मनदीप सिंह के पिता:जालंधर में बच्चों के साथ हाथापाई का आरोप; वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

भारतीय हॉकी टीम के स्टार खिलाड़ी और ओलंपियन मनदीप सिंह के पिता रविंदर सिंह विवादों में घिर गए हैं। जालंधर के केपी स्टेडियम में बच्चों के साथ उनकी हाथापाई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह बच्चों को मैदान से बाहर निकालते और मोबाइल छीनने की कोशिश करते दिख रहे हैं। वहीं, इस पूरे मामले पर मनदीप के पिता रविंदर सिंह का पक्ष भी सामने आया है। उनका कहना है कि पार्किंग एरिया में क्रिकेट खेल रहे बच्चों ने वहां का ताला तोड़ दिया था और जब उन्होंने इस पर आपत्ति जताई, तो लड़कों ने उनके साथ गाली-गलौज की, जिसके बाद उन्होंने केवल बच्चों को पकड़कर समझाने की कोशिश की थी। दरअसल, यह पूरा मामला जालंधर के केपी स्टेडियम का है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि स्टेडियम में मनदीप के पिता रविंदर एक बच्चे को बाजू से पकड़कर उसके साथ हाथापाई कर रहे हैं। मोबाइल छीनने की कोशिश का वीडियो वायरल जब वहां मौजूद बच्चों ने इस घटना का विरोध किया और मनदीप के पिता द्वारा एक बच्चे से मोबाइल छीनने की कोशिश का वीडियो बनाना शुरू किया, तो मामला और बढ़ गया। बाद में बच्चों ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो अब जमकर वायरल हो रहा है। पिछले साल ही हुई थी मनदीप की शादी आपको बता दें कि भारतीय हॉकी टीम के ओलंपियन मनदीप सिंह ने पिछले साल ही 21 मार्च को महिला हॉकी खिलाड़ी उदिता कौर से शादी की थी। खेल जगत में दोनों ही बड़े नाम हैं, जिसके चलते इस पारिवारिक विवाद पर लोगों की नजरें टिकी हैं। मनदीप के पिता रविंदर सिंह ने दी सफाई वहीं, दूसरी ओर मनदीप के पिता रविंदर ने अपनी सफाई में कहा कि मैदान के पास ही कार पार्किंग की जगह है, जहां कुछ बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। जब उन्हें वहां खेलने से मना किया गया, तो बच्चों ने विरोध शुरू कर दिया। रविंदर का आरोप है कि बच्चों द्वारा वहां का ताला भी तोड़ा गया। ‘गाली देने पर बच्चों को सिर्फ समझाया’ रविंदर सिंह ने आगे बताया कि जब उन्होंने ताला तोड़ने को लेकर बच्चों से पूछताछ की, तो लड़कों ने उनके साथ गाली-गलौज की। इसी बात पर उन्होंने बच्चों को पकड़कर सिर्फ समझाने की कोशिश की थी, लेकिन किसी ने इस घटना का अधूरा वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर गलत तरीके से वायरल कर दिया। पुलिस में नहीं हुई कोई शिकायत इस पूरे विवाद को लेकर फिलहाल अभी तक पुलिस शिकायत नहीं हुई है। इस मामले में अभी तक बच्चों या उनके परिजनों की तरफ से पुलिस में किसी भी प्रकार की कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *