हिमाचल की राजधानी शिमला में एक पुलिस अफसर का टैक्सी ड्राइवर को लात मारते हुए वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें देखा जा सकता है कि अफसर और जवान एक व्यक्ति से बात कर रहे हैं। दोनों पक्षों के बीच बहस होती है। इस दौरान टैक्सी ड्राइवर ने जब अधिकारी का नाम पूछा, तो उसने गुस्से में ड्राइवर को लात मार दी। यह घटना ड्राइवर के वीडियो में रिकॉर्ड हो गई, जिसे अब उसने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। इसके बाद सोशल मीडिया पर पुलिस के बर्ताव को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल, इस मामले में अब तक पुलिस की कोई सफाई सामने नहीं आई है। दरअसल, शिमला में आज सुबह राष्ट्रपति की मूवमेंट थी। इस वजह से शहर में जगह-जगह ट्रैफिक रोका गया। शिमला की कई सड़कों पर पार्क किए गए वाहन हटाए गए। गाड़ी-बाइक हटाने को कहने पर विवाद जिस ड्राइवर को पुलिस अधिकारी ने लात मारी, उसने भी शिमला के तवी मोड़ में गाड़ी और बाइक सड़क किनारे पार्क कर रखी थी। आशीष ने बताया कि पुलिस ने उसे गाड़ी हटाने को कहा। इस पर उसने कहा कि वह अकेला है, इसलिए या तो गाड़ी या फिर बाइक ही हटा पाएगा। इस पर पुलिस ने चालान करने की धमकी दी और मारपीट की। कुछ दिन पहले पत्रकार के साथ भी बदसलूकी शिमला में पुलिस की मनमानी का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी हरियाणा में राज्यसभा चुनाव के दौरान, जब कांग्रेस के विधायकों को शिमला लाया गया था, उस समय भी एक पुलिस जवान ने पत्रकार के साथ धक्का-मुक्की की थी। तब भी पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े हुए थे। हालांकि, पुलिस ने गलती मानते हुए जवान के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया था।