श्री हरिमंदिर साहिब की मर्यादा हेतु SGPC की अपील:परिक्रमा में इंटरव्यू पर पाबंदी, बोले- मीडिया और ब्लॉगर AI आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित न करें

अमृतसर स्थित श्री हरिमंदिर साहिब की पवित्रता और मर्यादा बनाए रखने पर जोर दिया गया है। शिरोमणि कमेटी के मुख्य सचिव कुलवंत सिंह मन्नन ने मीडिया संस्थानों और ब्लॉगर से विशेष अनुरोध किया है कि वे श्री हरिमंदिर साहिब की परिक्रमा के अंदर संगतों के साथ किसी भी प्रकार के सवाल-जवाब या इंटरव्यू न करें। उन्होंने कहा कि हर रोज लाखों श्रद्धालु यहां माथा टेकने आते हैं। इस दौरान उनसे बातचीत करना धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचा सकता है। साथ ही इससे पवित्र वातावरण और मर्यादा में भी व्यवधान उत्पन्न होता है। पहले से ही श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा इस संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए जा चुके हैं कि परिक्रमा के अंदर किसी भी प्रकार की बाइट या रिकॉर्डिंग नहीं की जानी चाहिए। जरूरत होने पर परिक्रमा के बाहर ही संगत से प्रतिक्रिया लेने की सलाह मन्नन ने यह भी कहा कि यदि किसी मुद्दे पर संगत की प्रतिक्रिया लेना आवश्यक हो, तो यह कार्य परिक्रमा के बाहर निर्धारित स्थानों पर ही किया जाना चाहिए। हाल ही में एक निजी चैनल द्वारा परिक्रमा के अंदर रिकॉर्डिंग करने और सेवादारों द्वारा रोके जाने पर उल्टा सवाल उठाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। संगतों से आपत्तिजनक कंटेंट को रिपोर्ट करने की अपील इसके साथ ही उन्होंने मीडिया को एआई तकनीक के दुरुपयोग को लेकर भी सतर्क किया। उन्होंने अपील की कि सिख गुरुओं, धार्मिक प्रतीकों या श्री हरिमंदिर साहिब से जुड़ी किसी भी आपत्तिजनक सामग्री को प्रसारित न किया जाए। यदि ऐसी खबर देनी भी हो, तो केवल तथ्यात्मक जानकारी तक सीमित रखा जाए और तस्वीरों या वीडियो को दोहराने से बचा जाए। उन्होंने संगतों से भी अपील की कि ऐसी संवेदनशील सामग्री को आगे बढ़ाने की बजाय संबंधित प्लेटफॉर्म्स पर रिपोर्ट करें और जिम्मेदारी निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *