लुधियाना| ताजपुर रोड स्थित संजय गांधी कॉलोनी में रविवार रात 10:30 बजे के करीब पुरानी रंजिश के तहत दो गुटों के बीच जमकर पथराव और फायरिंग हुई। मामले में थाना डिवीजन-7 से एसएचओ गगनदीप सिंह ने बताया कि रात को जो माहौल खराब हुआ है, उसमें सूरज, आशीष, ग्रेवाल, सहित कुल 11 लोगों पर केस दर्ज किया है। लेकिन अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। एसएचओ ने बताया कि इलाके के आशीष और ग्रेवाल नाम के दो युवकों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। रविवार दोपहर को दोनों के बीच हुए झगड़े में ग्रेवाल ने आशीष की पिटाई कर दी थी, जिससे उसके पैर में चोट आई थी। इसी बेइज्जती का बदला लेने के लिए देर रात आशीष ने करीब 30 से 40 साथियों को इकट्ठा कर ग्रेवाल के घर पर हमला कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान ईंट-पत्थर चलाए गए और दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की गई। स्थानीय महिलाओं ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने घरों पर बोतलें फेंकीं और आग लगाने की धमकियां दीं। फिर पहले पथराव किया और बाद में फायरिंग शुरू की।