जालंधर | बीते दिनों इलेक्ट्रिशियन का काम करने वाले मनदीप कुमार उर्फ मनु को चोर समझकर सरेआम बेरहमी से पीटने वालों पर पुलिस द्वारा अभी तक कोई कानूनी कार्रवाई या पर्चा दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस की इस ढीली कार्रवाई से परेशान होकर पीड़ित मनदीप कुमार उर्फ मनु द्वारा शुक्रवार को जालंधर के पुलिस कमिश्नर को एक लिखित कंप्लेंट दी गई है। पीड़ित ने अपनी शिकायत में मांग की है कि सरेआम कानून हाथ में लेकर मारपीट करने वाले दोषियों के खिलाफ तुरंत सख्त मामला दर्ज किया जाए और उसे जल्द से जल्द इंसाफ दिलाया जाए। भास्कर न्यूज| जालंधर शीतल नगर के रहने वाले पंकज की हत्या के मामले में पुलिस को एक बड़ा सुराग मिला है। पुलिस को शक है कि इस हत्या के पीछे मकसूदां सब्जी मंडी में होने वाली हफ्ता वसूली है। दरअसल, पंकज वहां सब्जी और फल की रेहड़ी लगाने वाले प्रवासी मजदूरों को परेशान करता था और उनसे जबरन पैसे वसूलता था। माना जा रहा है कि इसी से तंग आकर कुछ मजदूरों ने मिलकर पंकज को मौत के घाट उतार दिया। इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा तब हुआ जब गदाईपुर की सूखी नहर के पास एक खाली प्लॉट के गहरे गड्ढे में पंकज का खून से लथपथ शव मिला। पंकज के भाई श्रीकांत ने बताया कि बुधवार की रात पंकज घर से दवाई लेने की बात कहकर निकला था, लेकिन वह वापस नहीं लौटा। अगले दिन सुबह पुलिस ने उन्हें सूचना दी कि पंकज का शव एक खाली प्लॉट में बने 6-7 फीट गहरे गड्ढे में पड़ा हुआ है। पुलिस ने जब इस मामले की जांच शुरू की, तो घटनास्थल के आसपास के मोबाइल फोन के रिकॉर्ड (कॉल डंप) खंगाले गए। इसमें पुलिस को कुछ संदिग्ध मोबाइल नंबर मिले। जब पुलिस ने इन नंबरों को ट्रैक किया, तो उनकी लाइव लोकेशन उत्तर प्रदेश की आई। इसके तुरंत बाद जालंधर पुलिस की एक टीम आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए उत्तर प्रदेश रवाना हो गई है। जांच में यह भी पता चला है कि मरने वाले पंकज का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड था और उसके खिलाफ हत्या समेत पांच मामले दर्ज थे। साल 2023 में बर्लटन पार्क में हुई पार्किंग ठेकेदार सत्ता की हत्या के मामले में भी पंकज आरोपी था और इन दिनों जमानत पर जेल से बाहर आया हुआ था। हालांकि, पंकज के भाई ने हरविंदर उर्फ गोरा नाम के एक व्यक्ति पर भी हत्या का शक जताया है। फिलहाल पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है और अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस करके पूरे मामले की सच्चाई सामने लाई जाएगी।