सिरसा में दंपती और उसकी भाभी को डंडों से पीटा:पड़ोसन द्वारा बच्चे को अंधेरे में डराने पर कहासुनी; महिला ने बुलाए हमलावर

सिरसा शहर में एक पेंटर और उसकी पत्नी व भाभी को डंडों से पीट दिया गया। पड़ोसन महिला ने युवक के भतीजे को अंधेरे में डरा दिया था और बच्चा भयभीत हो गया। इसी बात पर दोनों पड़ोसियों में कहासुनी हो गई। महिला ने तैश में आकर अपने भाई बुला लिए और उन्होंने आते ही युवक पर हमला कर दिया। उसकी पत्नी व भाभी बीच-बचाव को आई, तो उनसे भी मारपीट की। इसका एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जिसमें हमलावर बाइक पर हथियार सहित जाते दिख रहे हैं। लगभग हमलावर प्रवासी है और जिनकी पहचान की जा रही है। दरअसल, पड़ोस की युवती ने बच्चे को डराया। बच्चे के परिवार ने उसे टोका, तो गाली-गलौज पर उतर आई और बदमाश बुला लिए। जानकारी के अनुसार, यह मामला कंगनपुर रोड का है। झगड़े में तीनों को काफी चोटें आई है और पेंटर का सिर की हड्‌डी में फ्रैक्चर आया है, जिसका निजी अस्पताल में इलाज जारी है। परिवार की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं है। इसकी सूचना पुलिस को दी गई है। मामले में सिटी थाना पुलिस ने घायलों के बयान पर आरोपियों के खिलाफ धारा 190, 191(2), 115 (2), 351 (3) BNS के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। यहां जानिए पूरा मामला पुलिस को दी शिकायत में कंगनपुर रोड स्थित गिल कॉलोनी से संदीप ने बताया कि वह पेंटर का काम करता है। बीती शाम को उनके घर पर लाइट नहीं थी, तो वह और उसकी पत्नी व उसकी भाभी घर के बाहर बैठे थे। साथ में उसका चार साल का भतीजा पास में गली में खेल रहा था। उनकी पड़ोसन ज्योति व उसकी माता रामकली भी गेट के आगे खड़ी थी। पड़ोसन ज्योति ने उसके भतीजे को अंधेरा होने के चलते डरा दिया, जिससे वह डर गया। शिकायत में बताया, उसने कहा कि बच्चे को क्यों डरा रही है। इसी बात को लेकर उनकी आपस में कहासुनी हो गई। उसकी पड़ोसन ज्योति ने अपने भाईयों को फोन कर बुला लिया। ज्योति के कहने पर बाइक लेकर 8-9 लोग सवार होकर आए, जिनके पास तेजधार हथियार थे। उन्होंने आते ही उसके साथ डंडों से मारपीट की और चोटें मारी। उसकी पत्नी व भाभी उसे छुड़वाते रहे और हमलावर उसे धक्का मारते रहे। हमलावरों ने उसकी पत्नी व भाभी से भी मारपीट की। उसने शोर मचाया, तो पड़ोस के लोग आ गए, जिन्हें आता देखकर वे बाइक लेकर भाग गए। जाते समय उसे जान से मार देने की धमकी देकर गए और कहा, अगर कहीं अकेला मिला, तो जान से मार देगा। पड़ोसी व घरवालों ने उसे सिविल अस्पताल में पहुंचाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *