सोनीपत के खरखौदा क्षेत्र में देर रात एक परिवार पर 8-10 युवकों ने घर में घुसकर लोहे की रॉड, बिट्टों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में दो भाइयों के हाथ कई जगह से टूट गए, जबकि उनकी मां के सिर में गंभीर चोट लगी है। हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायल युवक के बयान पर कई आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खरखौदा के वार्ड नंबर 6 गोपालपुर रोड निवासी पीड़ित जोनी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह मेहनत-मजदूरी करता है और परिवार में चार भाई हैं। रात करीब साढ़े नौ बजे वह अपनी मां घरबरी और भाइयों सोनू, मोनू व कीड़ा के साथ घर पर मौजूद था। उसी दौरान उसके भाई कीड़ा ने बताया कि खरखौदा की मंडी में उसका और गैरी का सचिन नाम के युवक के साथ झगड़ा हो गया था। कीड़ा यह बात घर में बता ही रहा था कि तभी अचानक कमल पुत्र चांद और प्रवीण नैन अपने साथ 8-10 युवकों को लेकर घर में घुस आए और हमला कर दिया। लोहे की रॉड और धारदार हथियारों से हमला पीड़ित के अनुसार सभी हमलावरों के हाथ में लोहे की रॉड, बिट्टे और धारदार हथियार थे। आरोप है कि उन्होंने घर में घुसते ही परिवार के लोगों पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। हमले में सोनू के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं, जबकि मोनू को सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें लगीं। दोनों के हाथ कई जगह से टूट गए। हमलावरों ने उनकी मां घरबरी के सिर पर भी वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। जान बचाने के लिए भागा जोनी ने बताया कि हमले के दौरान वह जान बचाने के लिए घर से बाहर भागा और शोर मचाकर लोगों से मदद मांगी। इस दौरान उसका भाई कीड़ा भी घायल हो गया और डर के कारण वहां से कहीं चला गया, जिसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। पीड़ित का कहना है कि हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को परिजनों व पुलिस कर्मियों की मदद से खरखौदा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया। अस्पताल में ही घायल जोनी के बयान दर्ज किए गए, जिनकी ई-साक्ष्य के तौर पर वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई। कई धाराओं में मामला दर्ज, जांच जारी पुलिस के अनुसार 112 पर झगड़े की सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर थाना खरखौदा में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 190, 191(3), 115, 333 और 109(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है।