सोनीपत में युवक ने फांसी लगाकर सुसाइड किया:प्रेमिका के शादी से मना करने से परेशान था; फैक्ट्री में करता था काम, किराए पर रहता था

सोनीपत के कुंडली क्षेत्र में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। युवक का शव उसके किराए के कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। परिजनों का कहना है कि युवक पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था और जिस लड़की से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था, उसने शादी करने से इनकार कर दिया था। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी हुई है। 5 साल से सोनीपत में कर रहा था नौकरी मृतक के जीजा राकेश ने जानकारी देते बताया कि 22 वर्षीय राकेश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले का रहने वाला था। राकेश पिछले करीब पांच वर्षों से सोनीपत में रह रहा था और कुंडली क्षेत्र की एक जूते-चप्पल बनाने वाली फैक्ट्री में काम करता था। वह घी मिल कॉलोनी में किराए के कमरे में अकेला रहता था। कमरे में फंदे से लटका मिला शव जानकारी के अनुसार, राकेश ने अपने कमरे में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक कमरे से बाहर कोई हलचल नहीं होने पर आसपास के लोगों को शक हुआ। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर शव को नीचे उतारा और कब्जे में लेकर जांच शुरू की। परिवार में माता-पिता और बड़ा भाई राकेश अपने परिवार में सबसे छोटा था। परिवार में माता-पिता और एक बड़ा भाई है। उसका बड़ा भाई राजू दिल्ली में काम करता है। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन भी कुंडली पहुंचे, जहां राकेश की मौत से परिवार में मातम छा गया। प्रेम प्रसंग को लेकर परेशान था राकेश युवक के जीजा ने बताया कि राकेश पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। परिवार को शक है कि किसी लड़की के साथ प्रेम प्रसंग और शादी से इनकार किए जाने के कारण उसने यह कदम उठाया। हालांकि, अभी तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। जांच अधिकारियों के अनुसार आत्महत्या के सही कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *