हमीरपुर में ब्यास नदी में युवक का शव मिला:3 दिन पहले डूबा था प्रवासी मजदूर; गोताखोरों की मदद से लाश निकाली

हमीरपुर जिले के सुजानपुर उपमंडल के भलेठ स्थित सिहोरबाला पुल के पास ब्यास नदी में एक युवक का शव मिला है। स्थानीय लोगों ने शव को नदी में फंसा देखकर तुरंत सुजानपुर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को नदी से बाहर निकालकर किनारे तक लाया गया। जांच के दौरान मृतक युवक की पहचान सुजानपुर के डोली क्षेत्र में तूड़ी की दुकान में काम करने वाले 26 वर्षीय प्रवासी युवक आकाश के रूप में हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आकाश लगभग तीन दिन पहले अपने कुछ प्रवासी साथियों के साथ डोली क्षेत्र में व्यास नदी में नहाने गया था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ा और वह तेज बहाव में डूब गया। बताया गया है कि युवक के डूबने के बाद उसके साथियों ने काफी देर तक उसे तलाश किया। जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो वे वहां से चले गए। घटना की सूचना न तो पुलिस को दी गई और न ही स्थानीय प्रशासन को। तीन दिन बाद बुधवार को युवक का शव सिहोरबाला पुल के पास नदी में दिखाई दिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी प्रकाश ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक युवक की उम्र लगभग 26 वर्ष थी और वह डोली क्षेत्र में मजदूरी का कार्य करता था। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और युवक के साथ मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जाएगी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से व्यास नदी के किनारों पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने और लोगों को सावधानी बरतने के लिए जागरूक करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *