हरिद्वार में हरकी पैड़ी पर मंगलवार रात शराब के नशे में यूपी के रहने वाले 4 लड़कों ने हुड़दंग मचाया। गंगा में नहाते समय दो लड़के आपस में एक दूसरे को किस करने लगे। बाजार में लड़खड़ाते हुए घूमते रहे। इस दौरान उन्होंने कई महिलाओं को कंधे मारे। बैड टच किया। दुकानदारों को लात मारी। जब आस-पास के लोगों ने यह सब देखा तो रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) से मदद मांगी। घटना से जुड़े वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें दिखता है कि दो युवक हरकी पैड़ी पर गंदी हरकतें कर रहे हैं। RAF और हरिद्वार पुलिस चारों को हिरासत में लेकर अपने साथ थाने ले गई। घटना पर हरिद्वार के साधु-संतों ने नाराजगी जताई है। तीर्थ पुरोहित उज्ज्वल पंडित ने कहा- शराब के नशे में युवकों ने महिलाओं को कंधा मारा और दुकानदारों के साथ भी मारपीट की। उन्होंने गंगा में यात्रियों से बदतमीजी की। हम पुलिस से कहना चाहते हैं कि मां गंगा के तट पर ये सारी हरकतें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। तस्वीरें देखिए… अब सिलसिलेवार ढंग से पूरी खबर… 1. शराब के नशे में बाजार में मचाया उत्पात- प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बागपत जिले के थाना खेकड़ा क्षेत्र से आए चार युवक देर रात हरकी पैड़ी क्षेत्र में पहुंचे। चारों युवक नशे में थे और ठीक से चल भी नहीं पा रहे थे। बाजार क्षेत्र में घूमते समय उन्होंने राहगीरों और दुकानदारों के साथ अभद्रता की। आरोप है कि नशे में धुत इन युवकों ने वहां मौजूद महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं और उन्हें कंधे मारे, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। 2. घाट पर की अश्लील हरकतें- इसके बाद युवक हरकी पैड़ी घाट पर पहुंच गए और वहां भी आपत्तिजनक हरकतें जारी रखी। वीडियो में दो युवक एक-दूसरे के साथ अश्लील हरकतें और ‘किस’ करने का प्रयास करते दिख रहे हैं। श्रद्धालुओं और तीर्थ पुरोहितों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन नशे में चूर युवकों ने किसी की एक न सुनी। 3. स्थानीय लोगों ने घेरा और पुलिस को सौंपा- युवकों की बढ़ती बदतमीजी देख स्थानीय नागरिकों और तीर्थ पुरोहितों ने चारों युवकों को मौके पर ही घेर लिया और तत्काल हरकी पैड़ी चौकी पुलिस को सूचना दी। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने चारों को हिरासत में ले लिया। चारों की पहचान राजीव, निवासी ग्राम साकरोद, विपिन निवासी नूरपुर खालसा, कपिल शर्मा निवासी ग्राम साकरोद, बागपत और विकास, निवासी नूरपुर खालसा के तौर पर हुई है। पुलिस ने चारों का चालान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की है। 5. साधु-संतों और पुरोहितों में भारी आक्रोश- घटना के बाद तीर्थ पुरोहित उज्ज्वल पंडित और अन्य संतों ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि मां गंगा के तट पर ऐसी अश्लीलता और नशा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुरोहितों ने मांग की है कि यात्रा सीजन के दौरान घाटों पर नियमित गश्त और सीसीटीवी निगरानी बढ़ाई जाए ताकि असामाजिक तत्व शहर की छवि खराब न कर सकें। वरिष्ठ संत स्वामी आनंद स्वरूप ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि किसी एक व्यक्ति या समूह की गलती के लिए पूरे प्रदेश (UP) या समाज को दोषी ठहराना गलत है। उन्होंने लोगों से क्षेत्रवाद फैलाने वाले बयानों से बचने और संयम बरतने की अपील की है। हरकी पैड़ी चौकी प्रभारी संजीत कंडारी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि धार्मिक नगरी की गरिमा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी। नशे में हुड़दंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। ———————————- ये खबर भी पढ़ें… उत्तराखंड-हरियाणा के इन्फ्लुएंसर्स फैला रहे हेट स्पीच: दिल्ली में देहरादून के ड्राइवर को पीटा, मारपीट के पुराने VIDEO वायरल कर रहे ऋषिकेश में हरियाणा के युवकों को नंगा कर पीटने के मामले के बाद उत्तराखंड और हरियाणा के इन्फ्लुएंसर्स मिलकर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करके एक-दूसरे के खिलाफ हेट स्पीच फैला रहे हैं। अलग-अलग जगह से मारपीट के दो वीडियो सामने आए हैं। (पढ़ें पूरी खबर)