हरियाणा के गुरुग्राम में कुख्यात गैंगस्टर कौशल चौधरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार को पुलिस और डीटीपी टीम ने गैंगस्टर की अवैध संपत्ति पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त करा दिया। पुलिस के मुताबिक, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की 1500 वर्ग गज से ज्यादा की जमीन का कब्जा खाली करवाया गया है, जिसकी मार्केट कीमत 50 करोड़ रुपए से ज्यादा है। यहां मकान और दुकान बनाए गए थे। बता दें कि कौशल चौधरी मूल रूप से गुरुग्राम के ही नाहरपुर रूपा का रहने वाला है। उस पर हत्या, लूट, रंगदारी, फिरौती के करीब 37 मामले दर्ज है। पंजाब में गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां हरजीत कौर (52) और बॉडीगार्ड करणवीर सिंह (29) की हत्या में मामले में उसका नाम सामने आया था। जमीनी विवाद और भाई की हत्या का बदला लेने के लिए अपराध की दुनिया में कदम रखने वाला कौशल चौधरी बंबीहा सिंडिकेट के साथ मिलकर इंटरनेशनल लेवल पर अपना गैंग संचालित कर रहा है। कौशल की पत्नी मनीषा चौधरी भी लेडी डॉन के नाम से फेमस है। वर्तमान में दोनों गुरुग्राम की भौंडसी जेल में बंद हैं। बंबीहा गैंग को कुख्यात गैंगस्टर लारेंस का विरोधी गैंग माना जाता है। यह गैंग पंजाब के मोहाली में यूथ अकाली नेता विक्की मिड्डूखेड़ा, जालंधर में इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी संदीप नांगल अंबिया सहित कई मर्डर करा चुका है। पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई के कुछ PHOTOS… गैंगस्टर की संपत्ति पर इसलिए हो रही पुलिस की कार्रवाई पुलिस के मुताबिक कौशल चौधरी पर 37 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। क्राइम ब्रांच की टीम ने गहन जांच के बाद पाया कि नाहरपुर रूपा में उनकी अवैध तरीके से बनाई गई संपत्ति है, जिसे अवैध निर्माण मानते हुए कार्रवाई का फैसला लिया गया है। कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट आरएस बाठ और पुलिस फोर्स भी मौजूद रही। कौशल चौधरी के अलावा महेंद्र यादव उर्फ माही निवासी गांव पहाड़पुर जिला बलिया (उत्तर-प्रदेश), गजेपाल उर्फ भजनलाल निवासी सरकारी कॉलोनी फाजिलपुर झाड़सा की अवैध कब्जे पर भी बुलडोजर चलाया गया। इन सभी का आपराधिक इतिहास रहा है, जिनमें हिंसक अपराध, हत्या हत्या का प्रयास शस्त्र अधिनियम और अवैध मादक पदार्थ रखने/बेचने जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार का कहना है कि गैंगस्टरों और अपराधियों की अवैध संपत्तियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाइयां जारी रहेगी। यह कार्रवाई अपराधियों को साफ संदेश देगी कि अवैध निर्माण और काला धन अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कौन है कौशल चौधरी, जिसकी प्रॉपर्टी पर कार्रवाई हुई… अब पढ़िए कौन है कौशल की पत्नी मनीषा चौधरी … 7 साल पहले कौशल चौधरी ने गडौली गांव की मनीषा चौधरी (35) से शादी की थी। मनीषा कौशल की दूसरी पत्नी है। वह अपनी पहली पत्नी को छोड़ चुका है। उत्तर भारत के 4 राज्यों में फिरौती क्वीन के नाम से मशहूर लेडी डॉन मनीषा चौधरी को गुरुग्राम पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने पिछले साल 11 नवंबर को एक होटल संचालक से 2 करोड़ फिरौती मांगने पर अरेस्ट किया था। उस पर हत्या, हत्या का प्रयास, फिरौती और रंगदारी मांगने जैसे 6 से ज्यादा संगीन मामले दर्ज हैं। उसके निशाने पर हरियाणा के अलावा पंजाब, राजस्थान और यूपी के कई नामी कारोबारी थे। सितंबर 2024 में उसने कई राज्यों के बड़े कारोबारियों से फिरौती मांगी थी। पुलिस ने मनीषा पर 20 हजार इनाम रखा था गुरुग्राम पुलिस के मुताबिक मनीषा चौधरी अपने पति कौशल चौधरी के इंटरनेशनल सिंडिकेट को ऑपरेट कर रही थी। बड़े कारोबारियों को टारगेट बनाकर करोड़ों रुपए की फिरौती वसूल चुकी थी। गुरुग्राम पुलिस ने उस पर 20 हजार रुपए का इनाम रखा था। फिरौती वसूलने के लिए उसके गुर्गों ने कई जगह फायरिंग भी की। ————————– ये खबर भी पढ़ें पंजाब में गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां-बॉडीगार्ड की हत्या:10 गोलियां मारीं; लॉरेंस विरोधी बंबीहा गैंग से जुड़े हरियाणा के गैंगस्टरों ने जिम्मेदारी ली पंजाब के गुरदासपुर में लॉरेंस गैंग से जुड़े रहे कुख्यात गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां और बॉडीगार्ड की हत्या कर दी गई। गुरुवार रात करीब 9 बजे गैंगस्टर की मां हरजीत कौर (52) और बॉडीगार्ड करणवीर सिंह(29) घर के बाहर गाड़ी में मौजूद थे, तभी बाइक पर आए 2 हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। (पूरी खबर पढ़ें)