हरियाणा- अकाउंट ऑफिसर सुसाइड की पूरी कहानी:चंडीगढ़ जाने से पहले पत्नी को गले लगाया, बेटे को कहा- बड़ा अधिकारी बनना; परिवार बोला-यह मर्डर

हरियाणा पावर जनरेशन कॉपोर्रेशन लिमिटेड (HPGCL) के अकाउंट अफसर (AO) बलवंत सिंह के सुसाइड वाले दिन की पूरी कहानी सामने आई है। 4 मई 2026 की सुबह उन्होंने ऐसा कुछ किया, जो वह आमतौर पर नहीं करते थे। ऑफिस के लिए निकलते समय उन्होंने पत्नी को गले लगाया और बच्चों को आशीर्वाद देते हुए कहा- “जिंदगी में जब भी बनना, बड़ा अधिकारी ही बनना।” इसके अलावा, अपनी गाड़ी के ड्राइवर से सचिवालय पहुंचने के बाद कहा था कि जब मैं बुलाऊं तभी आना, नहीं तो मत आना। इन बातों का खुलासा राजस्थान के अलवर निवासी उनके बुआ के बेटे राजपाल यादव ने किया। दैनिक भास्कर से बातचीत में राजपाल ने ऐसे छह और दावे किए हैं, जो अब तक सामने नहीं आए थे। झज्जर जिले के मुंडाहेड़ा गांव निवासी बलवंत सिंह ने सोमवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा सचिवालय की 8वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। मंगलवार को उनका पोस्टमॉर्टम किया गया, जिसके बाद परिजन शव को लेकर गांव चले गए, जहां बुधवार सुबह उनका अंतिम संस्कार किया गया। इससे पहले मंगलवार सुबह चंडीगढ़ पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। बलवंत के परिजनों ने यह भी आशंका जताई कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या भी हो सकती है। उन्होंने मांग की है कि सचिवालय और संबंधित कार्यालय के सभी सीसीटीवी कैमरों की जांच कराई जाए। तस्वीरों में देखिए मंगलवार को क्या हुआ… सुसाइड वाले दिन अकाउंट ऑफिसर ने किए ये 3 काम… अब यहां पढ़िए भाई ने किए ये 6 खुलासे… पहला: 3 अधिकारियों ने ट्रैप में फंसाया
राजपाल यादव ने दावा किया कि उसके भाई बलवंत सिंह को उनके ही विभाग, HPGCL के तीन अधिकारी- अमित दीवान, आशीष गोगिया और राजेश पिछले दो महीनों से परेशान कर रहे थे। बलवंत ने उसे बताया था कि इन तीनों ने उसे बैंक घोटाले में फंसा दिया है, जिसकी वजह से वह काफी तनाव में था। दूसरा: ऑफिशियल चेक बुक को लेकर था परेशान
राजपाल यादव के अनुसार, बलवंत पिछले दो महीनों से एक ऑफिशियल चेक बुक को लेकर परेशान था। उसने फोन पर बताया था कि विभाग का एक डायरेक्टर स्तर का अधिकारी उसे लगातार इस चेक बुक को लेकर दबाव में रखे हुए था। आशीष और राजेश उस पर चेक देने का दबाव बना रहे थे, जिसे बाद में उन्होंने जबरन ले लिया। तीसरा: बैंक स्कैम का कोई पैसा नहीं आया
बलवंत के भाई ने दावा किया कि IDFC बैंक और AU स्मॉल फाइनेंस बैंक से जुड़े 590 करोड़ रुपए के घोटाले का एक भी पैसा न तो बलवंत के खाते में आया और न ही परिवार के किसी सदस्य के खाते में। वह अपनी ईमानदारी के कारण ही इस स्थिति में पहुंचा है और उसका इस पूरे घोटाले से कोई संबंध नहीं है। चौथा: नोटिंग करने से रोक रहे थे अधिकारी
राजपाल यादव ने बताया कि कुछ अधिकारी उसके भाई को फाइल में नोटिंग करने से रोक रहे थे। वे उसे धमकी देते थे कि अगर उसने नोटिंग की, तो उसे फंसा दिया जाएगा और नौकरी से बर्खास्त कर दिया जाएगा। इस कारण बलवंत काफी तनाव में था। वह 13 अप्रैल को सलाह लेने के लिए अलवर भी आया था, लेकिन उस दिन मुलाकात नहीं हो सकी। पांचवां: CBI ने जब्त किया था फोन
राजपाल ने बताया कि CBI की टीम ने कुछ दिन पहले बलवंत का मोबाइल एक दिन के लिए जब्त किया था, जिसे बाद में लौटा दिया गया। जांच के दौरान चेक पर किए गए उसके हस्ताक्षरों का मिलान भी किया गया, लेकिन वे आपस में मेल नहीं खाए। अधिकारियों ने उसे आश्वस्त किया था कि वह निर्दोष है और जल्द ही पूछताछ पूरी हो जाएगी। छठा: सुसाइड नोट भी लिखा
राजपाल ने दावा किया कि कूदने से पहले बलवंत ने एक सुसाइड नोट भी लिखा था, जो फिलहाल पुलिस के पास है। उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ पुलिस की जांच टीम इस नोट को केस रिकॉर्ड में शामिल कर रही है। नोट में कुछ ऐसे अधिकारियों के नाम बताए गए हैं, जो इस बैंक घोटाले से जुड़े हुए हैं। इस मामले में एक IAS अधिकारी भी इंवॉल्व है। ———————————————– अकाउंट ऑफिसर से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… झज्जर में बलवंत यादव को नम आंखों से अंतिम विदाई:8वीं मंजिल से कूदकर दी थी जान, परिवार बोला-यह आत्महत्या नहीं, बेटे का मर्डर हो सकता है हरियाणा सिविल सचिवालय की 8वीं मंजिल से कूदकर जान देने वाले एचपीजीसीएल के अकाउंट ऑफिसर बलवंत यादव का बुधवार को उनके पैतृक गांव मुडांहेड़ा में अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्र के लोग शामिल हुए। पूरे गांव ने नम आंखों से अपने बेटे को अंतिम विदाई दी। (पूरी खबर पढ़ें) अकाउंट ऑफिसर सुसाइड केस में 3 पर FIR:एक आरोपी जेल में बंद; बैंक घोटाले में पूछताछ से पहले हरियाणा सचिवालय की बिल्डिंग से कूदे थे चंडीगढ़ स्थित हरियाणा सचिवालय की बिल्डिंग से कूदकर आत्महत्या के मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। सेक्टर-3 थाना पुलिस ने बलवंत की पत्नी की शिकायत पर हरियाणा पावर जनरेशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPGCL) के पूर्व चीफ फाइनेंस ऑफिसर (CFO) अमित दीवान, आशीष गोगिया और राजेश को नामजद किया है। (पूरी खबर पढ़ें)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *