हरियाणा के चार जिलों में धूलभरी आंधी का अलर्ट:2.2°C बढ़ा तापमान, सिरसा सबसे गर्म, वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर कम; लू के आसार नहीं

हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के गुजरते ही मौसम ने फिर करवट ली है। बादलों की आवाजाही कम होते ही सूरज के तेवर तीखे होने लगे हैं। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 2.2°C की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के चार जिलों में धूल भरी आंधी और 40 KM की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा के मध्य और पश्चिमी हिस्सों विशेषकर सिरसा, हिसार, फतेहाबाद और जींद के आसपास गरज-चमक के साथ आंधी चलने का का यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं हरियाणा में सिरसा में तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं रोहतक में दूसरे दिन भी सबसे ठंडी रात रही। यहां तापमान 15.6 डिग्री दर्ज किया गया। 10 मई को आएगा एक और पश्चिमी विक्षोभ चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन लाल खिचड़ ने बताया कि 7 मई से 10 मई तक मौसम आमतौर पर खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान हवाओं में बदलाव आने और उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने से दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने और रात्रि तापमान में गिरावट होने की संभावना है। परंतु 10 मई रात्रि से एक और पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। जिसके आंशिक प्रभाव से फिर से मौसम में बदलाव आने की संभावना बन रही है। जानिए कैसा रहा अधिकतम और न्यूनतम तापमान… सिरसा सबसे गर्म, 38.2°C पहुंचा पारा : आज सिरसा 38.2°C के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा। रोहतक में पारा 37.5°C और हिसार में 35.9°C रिकॉर्ड किया गया। हालांकि, यह तापमान अब भी सामान्य से 4.2°C कम है, जिससे दोपहर में लू जैसी स्थिति नहीं है। विभाग के अनुसार, आने वाले दो दिनों में धूप और तेज होगी, जिससे गर्मी का अहसास बढ़ेगा। अधिकांश जिलों में पारा 35 डिग्री के पार जा चुका है। रोहतक में सबसे ठंडी रात, 15.6°C रहा पारा: दिन में गर्मी बढ़ने के बावजूद रातें अभी भी सुकून भरी बनी हुई हैं। पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 1.9°C की और गिरावट आई है, जो सामान्य से 5°C नीचे बना हुआ है। आज प्रदेश में सबसे कम तापमान रोहतक में 15.6°C दर्ज किया गया। वहीं करनाल में 17.4°C और चंडीगढ़ में 18.0°C रहा। पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं के कारण सुबह और देर रात के समय गुलाबी ठंड का एहसास बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *