हरियाणा के यमुनानगर की रहने वाली 28 वर्षीय नैना की मौत ने एक बार फिर रिश्तों के अंदर छिपे दर्द को उजागर कर दिया है। ससुराल के कमरे में फंदे से लटकी मिली नैना ने मन की यह पीड़ा सोशल मीडिया पर बयां की। सुसाइड करने से पहले डाली गई यह पोस्ट अब सामने आई है। इसमें नैना ने लिखा- “मुझे किसी ने नहीं समझा, काश मुझे समझ पाते”। इस पोस्ट के साथ उसने सेड सॉन्ग भी लगाया, जिसके बोल हैं- बड़े चिरां तों कुछ कहना तैनूं चौंदा सी, जो कदे कह ना मैं पाया। मैं डरदा सी कित्थे दूर ना तू हो जावे, तां ही तां कह नईयो पाया। यानि काफी समय से मैं तुम्हें कुछ कहना चाहता था, जो कभी कह नहीं पाया। मैं डरता था कि कहीं तू दूर ना हो जाए, इसलिए कह ही नहीं पाया। बता दें कि यमुनानगर के जगाधरी निवासी नैना ने 22 अप्रैल को अंबाला जिले के गांव कुराली में अपनी ससुराल में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया था। माता-पिता के अनुसार, ससुराल पक्ष से मतभेद के चलते नैना अपने छह साल के बेटे के साथ मायके आ गई थी। इसे लेकर पंचायतें हुई, जिसके चलते वह 15 दिन पूर्व फिर से ससुराल चल गई। इसके बाद उसने सुसाइड कर लिया। फिलहाल, पुलिस ने इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नैना की ओर से इंस्टाग्राम पर डाली गई पोस्ट और PHOTOS… पहले जानिए कौन है नैना और कैसे किया सुसाइड… 2018 में हुई शादी, छह साल का बेटा : यमुनानगर के जगाधरी स्थित मुखर्जी पार्क निवासी नैना की शादी वर्ष 2018 में अंबाला जिले के नारायणगढ़ क्षेत्र के गांव कुराली निवासी गौरव के साथ हुई थी। गौरव मेडिकल लैब में काम करता है। दोनों का करीब 6 साल का बेटा है। करीब एक माह पहले ससुराल में विवाद के बाद वह अपने 6 साल के बेटे के साथ मायके आ गई थी। पति दोबारा अपने साथ ले गया : परिवार के मुताबिक, 15 दिन पहले पति गौरव अपने जीजा के साथ आया और जबरन सुनैना के बेटे को अपने साथ ले गया। इसके बाद नैना मानसिक तनाव में रहने लगी। मंगलवार को ससुराल पक्ष फिर आया, माफी मांगी और उसे भी वापस अपने साथ ले गया। बुधवार को मौत होने की सूचना दी : परिवार ने बताया कि बुधवार को गांव कुराली के सरपंच ने फोन कर सूचना दी कि नैना ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। मौके पर पहुंचे परिवार को ससुराल वाले घर से फरार मिले, जिसके बाद उन्होंने हत्या का आरोप लगाया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। अब जानिए परिवार ने मामले में क्या-क्या बताया… मां बोलीं- बड़ा पार्लर खोलना चाहती थी बेटी नैना की मां पूनम ने बताया कि उसकी बेटी को दहेज के लिए ससुराल में लगातार प्रताड़ित किया जाता था। इन सबके बीच वहअपने सपनों को भी जिंदा रखना चाहती थी। उसकी बेटी ने पार्लर का कोर्स किया था और अब हेयर ड्रेसिंग का अलग से प्रोफेशनल काम सीखना चाहती थी। इसके बाद वह खुद के दम पर बड़ा ब्यूटी पार्लर खोलने का सपना देख रही थी। वह छोटा-मोटा पार्लर का काम भी कर रही थी, ताकि अपने सपने को पूरा करने के लिए पैसे जुटा सके। जब भी मायके आती तो कहती मां जल्द ही बड़ा पार्लर ओपन होगा, लेकिन हालात ऐसे बने कि उसका यह सपना अधूरा रह गया। हाथ जोड़कर ले जाते थे बेटी को मां पूनम का कहना है कि नैना लंबे समय से मानसिक तनाव में थी। जब भी वह मायके आती, ससुराल वाले हाथ जोड़कर माफी मांगते, उसे वापस ले जाते और सुधार का भरोसा देते, लेकिन कुछ ही दिनों में फिर वही अत्याचार शुरू हो जाता। मां के अनुसार, ससुराल पक्ष लगातार नैना पर दबाव बनाता था कि वह अपने पिता से पैसे लेकर आए। उससे कहा जाता था कि तेरा बाप फैक्ट्री वाला है, उससे पैसे लेकर गाड़ी दिलवा दे, सोने की अंगूठी दिलवा दे। पिता बोले- कई बार पंचायतें हुई, लेकिन प्रताड़ना नहीं रुकी पिता रोहित सैनी ने बताया कि वह बर्तन बनाने की फैक्ट्री चलाते हैं। शादी के कुछ समय बाद से ही नैना को ससुराल में प्रताड़ित किया जाने लगा। पति, सास और देवर उस पर दहेज के लिए दबाव बनाते थे और उसे खर्चा भी नहीं देते थे। कई बार इस मामले को लेकर पंचायत भी हुई, लेकिन हर बार समझौता कर नैना को ससुराल भेज दिया गया। करीब एक माह पहले फिर विवाद हुआ तो वह अपने छह साल के बेटे के साथ मायके आ गई थी। इसके बाद जब बेटी को वापस भेजा तो उसकी मौत की खबर ही मिली। पिछली पंचायतों की जानकारी जुटाएगी पुलिस नारायणगढ़ थाना प्रभारी ललित कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया तो प्राथमिक जांच में यह सुसाइड ही पाया गया है। मौत का असली कारण पक्की रिपोर्ट आने पर ही पता चल जाएगा। फिलहाल पुलिस ने सुसाइड के लिए उकसाने का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस जांच में भी सामने आया है कि नैना को ससुराल वालों द्वारा प्रताड़ित किया जाता था। पिछली जितनी भी पंचायतों में सुनैना और उसके ससुराल वालों के समझौते हुए हैं, उन सभी से भी मामले में पूछताछ की जाएगी।