हरियाणा के हांसी स्थित छाबड़ा चौक पर रविवार को गौरव गारमेंट्स की पहली मंजिल में आग लग गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग दुकान के प्रथम तल पर लगी, जहां बड़ी मात्रा में रेडीमेड कपड़े और अन्य सामान रखा हुआ था। आग तेजी से फैली और पूरे फ्लोर को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। दुकान मालिक की तबीयत बिगड़ी फायर ब्रिगेड कर्मचारी विनोद ने बताया कि टीम को घटनास्थल तक पहुंचने में चुनौतियों का सामना करना पड़ा। रास्ते में अतिक्रमण और बिजली की लटकती तारों के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ी फंस गई, जिसे बड़ी मुश्किल से निकाला गया। कर्मचारियों ने लगातार प्रयास कर आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोका। आग से हुए नुकसान को देखकर दुकान मालिक की तबीयत बिगड़ गई। पड़ोसी दुकानदारों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया। शॉर्ट सर्किट की आशंका प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। प्रशासन और फायर विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।