सैनिक स्कूल सुजानपुर के पूर्व छात्र रहे आरिन रणौत भारतीय नौसेना में अफसर बन गए हैं। 28 मई 2026 को केरल स्थित इंडियन नेवल अकादमी एझिमाला से पासिंग आउट परेड के बाद, वह भारतीय नौसेना की एग्जीक्यूटिव ब्रांच में अधिकारी के रूप में राष्ट्र सेवा के लिए तैयार हुए। उनके पिता सुरेश कुमार रणौत और माता हिमानी हिमाचल प्रदेश पुलिस में सेवारत हैं। आरिन ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा डीएवी स्कूल आलमपुर से प्राप्त की थी। इसके बाद, उन्होंने छठी कक्षा से लेकर जमा दो तक की पढ़ाई सैनिक स्कूल सुजानपुर टीहरा से पूरी की। बचपन से ही आरिन में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और देश सेवा का जज्बा था। उन्होंने यूपीएससी द्वारा आयोजित एनडीए परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की और देश की प्रतिष्ठित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में प्रवेश प्राप्त किया। चार वर्षों के कठिन सैन्य प्रशिक्षण, अनुशासन और अथक परिश्रम के बाद, उन्होंने भारतीय नौसेना में अधिकारी बनने का अपना लक्ष्य प्राप्त किया। आरिन रणौत ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया प्रशिक्षण के दौरान, आरिन रणौत ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने ड्रिल और अकादमिक क्षेत्र में “फ्लैग कैडेट” जैसी महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। इसके अतिरिक्त, उन्हें “टॉर्च” सम्मान से भी नवाजा गया, जो उनकी कड़ी मेहनत, नेतृत्व क्षमता और समर्पण का प्रतीक माना जाता है। लोगों ने परिजनों को दी बधाई उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। स्थानीय लोगों, शिक्षकों, मित्रों और परिजनों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह उपलब्धि युवाओं के लिए एक प्रेरणा स्रोत है कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।