हिसार में हैरियर ने दो भाइयों को कुचला:उछल कर दूसरी लाइन पर जा गिरी बाइक, महिला चला रही थी कार

हरियाणा के हिसार में हैरियर सवार महिला ने बुधवार को दो भाइयों को कुचल दिया। हिसार-जयपुर नेशनल हाईवे पर यह हादसा तब हुआ, जब दोनों भाई एक बाइक पर दूसरे गांव शोक प्रकट करने रिश्तेदारी में जा रहे थे। इसी दौरान हिसार से खाटू श्याम जा रहे परिवार की कार के चपेट में दोनों भाई आ गए। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि दोनों भाइयों को 500 मीटर तक कुचलते ले गई। परिजनों ने बताया कि कार की टक्कर के बाद बाइक उछलकर दूसरी लेन में जा गिरी और कार दोनों को खसीटते हुए ले गई। कार को महिला चला रही थी। मृतकों की पहचान गांव नलवा निवासी राजपाल(68) और जिले सिंह(56) के रूप में हुई है। हादसे की सूचना एंबुलेंस ड्राइवर ने मृतक के मोबाइल से ही परिवार को दी। मृतकों के शव को एंबुलेंस के जरिए हिसार के नागरिक अस्पताल भिजवाया गया है, जहां दोनों का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। मोबाइल पर डायल नंबर से मिली सूचना भांजे रविंद्र ने बताया कि एंबुलेंस ड्राइवर ने मृतक जिले सिंह के पास पड़े मोबाइल में डायल पहले नंबर पर फोन किया। यह नंबर गांव रालवास कलां में उनके रिश्तेदार का था जिसके यहां शोक जताने दोनों भाई जा रहे थे। घर से चलने से पहले उन्होंने फोन कर कहा था कि हम आ रहे हैं। इसी नंबर के जरिए एंबुलेंस ड्राइवर ने परिवार से संपर्क किया। सूचना मिलते ही परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और जांच में जुट गई है। राजपाल और जिले सिंह एक साथ रहते थे परिवार से मिली जानकारी के मुताबिक दोनों भाई एक साथ गांव नलवा में रहते थे, दोनों के दो-दो बच्चे हैं। राजपाल के बेटे का एक साल पहले बीमारी के कारण निधन हो गया था। वहीं बेटा खेतीबाड़ी करता है। वहीं जिले सिंह के भी दो बच्चे एक बेटा और एक बेटी है और दोनों अविवाहित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *