हरियाणा में हिसार जिले के उकलाना मंडी के चुनाव के बीच हिंसा का मामला सामने आया है। 2 मई को भाजपा में शामिल हुए युवक प्रदीप सोनी पर देर रात 5 से 6 अज्ञात नकाबपोशों ने हमला कर दिया। प्रदीप रात को एसबीआई बैंक के पास कन्फेक्शनरी की दुकान पर सामान लेने गया था। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उस पर लाठी-डंडों से हमलाकर घायल कर दिया। बताया जा रहा है कि बचाव में युवक प्रदीप सोनी ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली चलाई, जिससे एक युवक की मौत हो गई व कई अन्य हमलावर घायल हो गए हैं। वारदात के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। घायल को हिसार के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। गोली लगने से जिस युवक की मौत हुई है उसकी पहचाना आदमपुर क्षेत्र के गांव भाना निवासी शुभम के रूप में हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रदीप सोनी ने भाजपा प्रत्याशी को दिया था समर्थन बता दें कि 2 मई को उकलाना की पुरानी अनाज मंडी में प्रदीप सोनी द्वारा स्वर्णकार समाज की ओर कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, फतेहाबाद के जिला अध्यक्ष प्रवीण जोड़ा, भाजपा नेता श्रीनिवास गोयल, भाजपा जिला हिसार अध्यक्ष डॉक्टर आशा खेदड़, पूर्व मंत्री अनूप धानक सहित अनेक भाजपा नेता पहुंचे थे। कार्यक्रम के आयोजक प्रदीप सोनी थे और उन्होंने स्वर्णकार समाज के साथ मिलकर उकलाना नगर पालिका के चेयरपर्सन पद की भाजपा प्रत्याशी निकिता गोयल को समर्थन दिया था और लड्डुओं से तोला गया था। प्रदीप सोनी भाजपा प्रत्याशी के चुनाव प्रचार में लगे हुए थे और सोनी समाज के काफी लोगों को भारतीय जनता पार्टी में ज्वाइन करवाया था। प्रदीप सोनी के साथ कार्यक्रम में निर्दलीय उम्मीदवार रीमा सोनी के सगे ताऊ हरीश सोनी व चचेरे भाई ने भी भाजपा जॉइन की थी। इस तरह हुआ पूरा घटनाक्रम उकलाना में कन्फेक्शरी की दुकान चलाने वाले दुकानदार ने बताया कि प्रदीप देर रात को उनके पास सामान लेने आया था। इसी दौरान एक गाड़ी में युवक भरकर आए। सबने नकाब पहना हुआ था। हमलवारों ने आते ही प्रदीप पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। वह जान बचाने के लिए दुकान से बाहर भागा। हमलावर भी उसके पीछे-पीछे दौड़े। इसी दौरान हुई झड़प में प्रदीप सोनी ने गोली चला दी। जिससे आदमपुर क्षेत्र के गांव भाना निवासी शुभम को गोली लग गई, उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना में पांच अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं प्रदीप सोनी को भी चोटें आई हैं और उसे भी अस्पताल में इलाज के लिए दाखिल किया गया है। हमले में ये हुए घायल इस घटनाक्रम में मुकेश वासी सदलपुर को जांघ में, विवेक उर्फ जतिन वासी भाणा को कंधे में, पवन वासी बड़ोपल को पेट में, सोनूवासी बांढाहेड़ी को हाथ, मोनू वासी सदलपुर को कूल्हे में गोली लगी है। शुभम वासी भाणा की गोली लगने से मृत्यु हो गई है। पुलिस ने किया मौके का मुआयना घटना की सूचना मिलते ही उकलाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए हिसार के नागरिक अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।