5 कमरों के एक मकान में 257 मतदाता:आपस में न कोई रिश्ता, फिर भी पता एक; रेवाड़ी में वोटिंग से पहले लिस्ट सामने आई

हरियाणा में निकाय चुनाव के लिए पंचकूला, सोनीपत, अंबाला नगर निगम, रेवाड़ी नगर परिषद और उकलाना, सांपला व धारूहेड़ा नगर पालिका में 10 मई को वोट डाले जाएंगे। मगर, वोटिंग से दो दिन पहले ही रेवाड़ी में एक ही मकान के पते पर 257 वोटर होने की लिस्ट सामने आई है। दैनिक भास्कर एप की टीम ने इस मकान की ढूंढ निकाला, जिसका पता है- उत्तम नगर, गुरुद्वारे वाली गली, वार्ड 12। निर्वाचन आयोग की ओर से जारी की गई मतदाता सूची के मुताबिक, पांच कमरों के इस मकान में 257 वोटर है, लेकिन कोई आपस में रिश्तेदार नही है। भास्कर टीम को यह मकान बंद मिला। आसपास पता करने पर इस मकान के पते से जुड़े पांच मतदाता मिले, जिनमें से दो उत्तम नगर की गली नबंर 12 और तीन दिल्ली रोड स्थित एक मकान में रह रहे है। दो मतदाताओं ने कैमरे पर आकर अपनी स्थिति स्पष्ट की, परंतु तीन मतदाताओं ने बात करने से इनकार कर दिया। हैरानी की बात यह पता लगी कि यह मकान कई बार बिक चुका है। इस मकान के पूर्व मालिक ने इसकी पुष्टि की। वोटर लिस्ट में क्या है, मतदाताओं ने बातचीत में क्या कहा और इस गड़बड़झाले पर अफसर क्या बोले? जैसे सवालों के जवाब के लिए पढ़िए पूरी रिपोर्ट… वो वोटर लिस्ट, जिसमें पता मकान नंबर एक लिखा है…. वोटर आईडी में मकान का नंबर 1, 01, 001 वार्ड नंबर 12 की नई सप्लिमेंटरी वोटर सूची में जिन 354 मतदाताओं का मकान नंबर 1, 01 और 001 एक दर्शाया गया है। इनमें से 257 वोटर के पते मकान नंबर 1 दर्शाए गए है। तीन मतदाता ऐसे भी मिले, जिनका वास्तव में तो मकान नंबर एक है, परंतु मतदाता सूची में अलग-अलग दिखाया गया है। तीन पिता-पुत्र, सभी के अलग-अलग एड्रेस दिल्ली रोड पर आरसी होटल के सामने रहने अर्जुन सिंह पुत्र जब्बर सिंह, भरत सिंह पुत्र अर्जुन सिंह का मकान नंबर 01 और 001, अजय पुत्र अर्जुन सिंह का मकान नंबर एक दिखाया गया है। दैनिक भास्कर की टीम जब दिल्ली रोड स्थित इस मकान पर पहुंची तो अजय घर से बाहर आए। वोटों के बारे में पूछने पर अजय ने तीनों वोट अपने परिवार के होने की बात तो स्वीकारी, परंतु ऑन कैमरा कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। इसके बाद अजय घर का मेनगेट बंद कर वापस अंदर चले गए। मकान नंबर 1 में रह चुके लोगों ने बताई ये बातें… कई बार बिका मकान, अब खाली पड़ा
इसके बाद दैनिक भास्कर की टीम ने जब उत्तम नगर के गुरुद्वारे वाले गली में मकान नंबर 1 पर पहुंची। मकान के गेट पर ताला लगा था। आसपास पता करने पर पता चला कि यह मकान कई बार बिक चुका है। पांचों कमरों में किराएदार रहते थे, लेकिन वर्तमान में यहां कोई नहीं रहता। इसके बाद टीम ने दो ऐसे लोगों शिव कुमार और नरेश यादव को ढूंढा, जो पहले यहां रहते थे। दोनों परिवारों ने अपने मकान का नंबर 1 होने का दावा किया। उत्तम नगर का वोट नंबर एक मेरा था
इलेक्ट्रिशियन शिव कुमार ने बताया कि मैंने यह मकान 1997 में खरीदा था और 2004 में बेच दिया। उस समय हमारे परिवार में चार सदस्य थे। वर्तमान में कुल पांच सदस्य हैं, जिनमें से चार के वोट इसी मकान नंबर 1 के पते बने हुए है। एक नंबर वोट मेरी थी और मकान नंबर एक भी मेरा था। पुराना मतदाता पहचान पत्र भी तलाश करने पर मेरे पास मिल सकता है। अब वह उत्तम नगर में ही पावर हाउस एरिया में परिवार के साथ रहता है। मैंने यहीं बनवाया था अपना वोट
नरेश यादव ने कहा कि उत्तम नगर में गुरुद्वारे वाली गली में जिस मकान की बात आप कर रहे है,पहले मैं यहां चार साल (2011 से 2015 तक) किराए पर रहा। इसके बाद अब मैंने अपना मकान उत्तम नगर के आउटर एरिया में बना लिया। बताया कि किराये पर रहने के दौरान उसका और उसकी पत्नी का वोटर आईडी कार्ड बने थे, जिन पर पता मकान नंबर 1 ही दर्ज है। चुनाव आयोग द्वारा जारी की गई पुरानी वोटर लिस्ट और उसकी वोटर आईडी पर आज भी यह एड्रेस लिखा हुआ है। जहां दुल्हन बनकर आई, वहीं रह रहीं उत्तम नगर की गली नंबर छह में रहने वाली वर्षा यादव और उनके पति अमित यादव का मकान नंबर 315 है, लेकिन वोटर आईडी में वर्षा का पता मकान नंबर एक ही दर्ज है। इसके बारे में सवाल पूछने पर वर्षा ने बताया कि चार साल पहले उसकी शादी हुई थी। नई दुल्हन के रूप में वह इसी मकान (315 नंबर) में आई थी और आज भी यहीं रह रही हूं। परिवार में मेरा और मेरे पति का वोट है। वोटर लिस्ट में मेरा पता मकान नंबर एक कैसे हुआ? यह खुद मैं भी नहीं समझ पा रही हूं। वर्षा के पति अमित यादव ने कहा कि पत्नी वर्षा रेवाड़ी में पहली बार मतदाता बनीं हैं। पहली बार में ही उनका एड्रेस मेरे से अलग कर दिया गया। मैं पिछले 10 साल से इस घर में रह रहा हूं और मेरी वोटर आईडी में मेरा एड्रेस भी यही है। वोटर लिस्ट में इस गड़बड़ी पूर्व विधायक और अधिकारियों ने ये कहा…. वोट चोरी के आरोप रेवाड़ी में सच साबित हो रहे : चिरंजीव कांग्रेस के पूर्व विधायक चिरंजीव राव ने कहा कि राहुल गांधी ने सरकार पर चुनाव आयोग के साथ मिलकर जो वोट चोरी के आरोप लगाए थे, रेवाड़ी नगर परिषर चुनाव में वो सच साबित हो रहे हैं। हमनें वार्ड 12 के फर्जी वोटों की शिकायत की है। बीएलओ ने सरकार और भाजपा उम्मीदवार के प्रभाव में आकर यह काम किया है। उन्होंने आगे कहा कि यह तो एक उदाहरण मात्र है, हम चाहते हैं की चुनाव लड़ रहे सभी उम्मीदवार अपने-अपने वार्ड की मतदाता सूचियों की जांच करें और यदि कहीं कुछ गड़बड़ पाई जाती है तो उसकी शिकायत करें। हमने अपने जिलाध्यक्ष को भी इसे लेकर चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों से संपर्क करने को कहा है। नगर परिषद की गलती, मेरा मजाक बना : बीएलओ उत्तम नगर वार्ड 12 के बीएलओ दयानंद ने बताया कि इस मामले को लेकर डीसी ने बुलाया था। मैंने उन्हें रिकॉर्ड के अनुसार सभी मतदाताओं के एड्रेस दिखाएं, जिनके मकान नंबर अलग-अलग थे। जिन मतदाताओं के एड्रेस नहीं थे, उनके सामने 00 मकान नंबर भरा गया था। नगर परिषद की गलती के कारण यह हुआ है और मजाक मेरा बन गया। ———————
ये खबर भी पढ़ें… पलवल में जिस मकान में 501 वोट, वो भाजपाई का:300 गज के घर में 7 मेंबर, मालिक बोला- नहीं पता इतने वोट कैसे बने; ‘वोट चोरी’ में जिक्र कांग्रेस सांसद एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ‘वोट चोरी’ को लेकर दिल्ली में की प्रेस कॉन्फ्रेंस में हरियाणा के पलवल के होडल के जिस मकान नंबर 265 का जिक्र किया, वो भाजपा से जुड़े पूर्व पार्षद शिवराम का है। 300 वर्गगज में बने घर में कुल 5 कमरे हैं और परिवार के 7 जन ही रहते हैं। इनमें से 6 वोटर और एक बच्चा है। (पूरी खबर पढ़ें)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *