हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है। एक ओर जहां प्रदेश के तीन जिलों कांगड़ा, मंडी और सोलन में आज हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया गया है, वहीं दूसरी ओर आज रात से एक फ्रेश वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार इसके प्रभाव से कल (15 मार्च) को पूरे प्रदेश में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। हीटवेव अलर्ट को देखते हुए लोगों को दिन के समय धूप से बचने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। हालांकि मौसम में यह गर्मी ज्यादा समय तक नहीं टिकेगी, क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होते ही तापमान में गिरावट शुरू हो जाएगी। 8 जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट मौसम विभाग ने शनिवार के लिए प्रदेश के आठ जिलों ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सोलन में आंधी-तूफान की चेतावनी भी जारी की है। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इसके साथ ही कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। बताया जा रहा है कि यह पश्चिमी विक्षोभ अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के मौसम को प्रभावित करेगा। 16 मार्च को भी पूरे हिमाचल में मौसम खराब बना रहेगा और कई जगहों पर बारिश तथा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी जारी रह सकती है। इसके बाद 17 मार्च को यह सिस्टम कुछ कमजोर पड़ने की संभावना है, लेकिन राहत ज्यादा देर तक नहीं टिकेगी। 18-19 को फिर तेज बारिश मौसम विभाग के अनुसार 18 और 19 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ फिर से सक्रिय होगा। इन दो दिनों के दौरान भी पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने के आसार हैं। लगातार बदलते मौसम के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी। बारिश-बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट दरअसल, पिछले 24 घंटों के दौरान भी प्रदेश के ज्यादातर शहरों के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कमी दर्ज की गई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि शनिवार से शुरू होने वाली बारिश और बर्फबारी के बाद तापमान में और गिरावट आएगी। अगले चार दिनों तक प्रदेश में मौसम खराब बना रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है, खासकर पहाड़ी और ऊंचाई वाले इलाकों में यात्रा करने वालों को सतर्क रहने को कहा गया है। तेज हवाओं और संभावित बारिश के कारण जनजीवन पर भी असर पड़ सकता है।