कैथल में 7 अप्रैल से 10 अप्रैल तक पूरे हरियाणा के दिग्गज कलाकार (गायक) आपस में भिडेंगे। 50 से ज्यादा कलाकार कैथल पहुंचेंगे और एक दूसरे से प्रतिस्पर्धा करेंगे। यह मौका किसी गायन प्रतियोगिता का नहीं, बल्कि कलाकार क्रिकेट लीग का होगा। हरियाणवी सिंगर और डायरेक्टर इस क्रिकेट प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इसकी तैयारियां जोरों पर हैं। खेल के लिए ग्राउंड को तैयार किया जा चुका है। एनआईआईएलएम यूनिवर्सिटी के खेल मैदान में यह प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। मैचों में भाग लेने वाली टीमों के लिए आज जर्सी (ड्रेस कोड) वितरण किया जाएगा। आईपीएल की तर्ज पर होगा केसीएल आईपीएल की तर्ज पर केसीएल में मैच होंगे। चार दिन चलने वाली इस प्रतियोगिता में रोजाना दो दो मैच खेले जाएंगे। पहले तीन दिनों में छह मैच होंगे। अंतिम दिन फाइनल में पहुंचने वाली टीमों के बीच मैच होगा। उस दौरान विजेता टीमों की घोषणा की जाएगी। विजेताओं को सम्मानित भी मौके पर ही किया जाएगा। चार टीमें बनाई गई, प्रत्येक में 13 खिलाड़ी मैच के लिए कलाकारों की चार टीमें बनाई गई हैं। टीमों के नाम यंग योद्धा, सुरीले सूरमा, मस्त कलंदर और वीर वॉरियर्स रखे गए हैं। यंग योद्धा के कप्तान मशहूर गायक सुरेंद्र रोमियो हैं तो सुरीले सूरमा के कप्तान अमित ढुल, मस्त कलंदर टीम की कप्तानी मनजीत पांचाल के कंधों पर है तो वीर वॉरियर्स की कमाल यूके हरियाणवी संभाल रहे हैं। प्रत्येक टीम के लिए 13-13 खिलाड़ी शामिल रहेंगे। पिता-पुत्र एक टीम में खेलेंगे केसीएल के संस्थापक अमित ढुल व अजीत घणघस ने बताया कि केसीएल में यंग योद्धा के कप्तान सुरेंद्र रोमियो और उनके बेटे आशु एक ही टीम में खेलेंगे। एक साथ हरियाणवी फिल्म और गीत-संगीत इंडस्ट्री के तमाम कलाकार यहां 4 दिन के लिए आ रहे हैं। पहला सीजन पिछले वर्ष राजस्थान के झुंझनू में आयोजित किया गया अजीत ने बताया कि केसीएल का यह दूसरा सीजन होगा, लेकिन हरियाणा में यह पहली बार होने जा रहा है। पहला सीजन पिछले वर्ष राजस्थान के झुंझनू में आयोजित किया गया था। कलाकारों ने बताया कि इस क्रिकेट का मकसद हरियाणवी कलाकारों में आपसी मेलजोल को बढ़ावा देना है।