हरियाणा में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में बुधवार की तुलना में गुरुवार को 1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि बुधवार को यह 1.2 डिग्री कम हुआ था। हालांकि, तापमान में वृद्धि के बावजूद यह अभी भी सामान्य के करीब बना हुआ है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से फिलहाल कुछ राहत मिली हुई है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान रोहतक में 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य जिलों में भी तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिली, लेकिन अभी किसी भी प्रकार की हीटवेव या गंभीर मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आज शुक्रवार को पूरे प्रदेश में “नो वार्निंग” की स्थिति बनी हुई है। चार जिलों में हो सकती है बारिश वहीं, मौसम विभाग ने पंचकूला, यमुनानगर, मेवात और पलवल जिलों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इन क्षेत्रों में बादल छाने और बूंदाबांदी होने से तापमान में अस्थायी राहत मिल सकती है। बढ़ने के बाद कम होगा तापमान पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले तीन दिनों में हरियाणा के अधिकतम तापमान में लगभग 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है, जिससे गर्मी का असर बढ़ने की संभावना है। इसके बाद मौसम में बदलाव के चलते तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के आसार हैं। कल से फिर हो सकता है बदलाव मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार दो मई से फिर से एक पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा। यह तीन मई तक एक्टिव रहेगा। जिसकी वजह से शनिवार से फिर से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इससे लोगों को कुछ दिन तेज गर्मी से राहत मिलेगी। पश्चिमी विक्षोभ से हो रहा उतार चढ़ाव मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी गतिविधियों के प्रभाव से तापमान में यह उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। किसानों और आमजन को सलाह दी गई है कि वे मौसम के ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें, ताकि बदलते मौसम के अनुसार आवश्यक सावधानियां बरती जा सकें।