“पटना के बोरिंग रोड में महिलाएं सिगरेट पीती हैं, शराब पीती हैं और पुरुष उनका मुंह देखते हैं।” ये दावा किया है JJD नेता और लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने। उन्होंने ये भी कहा कि बिहार में हर जगह शराब मिल रही है। महिलाएं हो या पुरुष सभी लोग शराब पी रहे हैं। इतना ही नहीं, पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने सीएम नीतीश के बेटे निशांत कुमार को शून्य बट्टे सन्नाटा बता दिया। तेजप्रताप ने कहा, ‘निशांत कुमार नए-नए हैं, उनको ज्यादा कुछ नहीं आता है।’ बिहार में शराब बंदी फेल- इसलिए नीतीश दिल्ली जा रहे तेजप्रताप यादव बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कई सारे मुद्दे पर अपनी बात रखी। शराबबंदी पर रिएक्शन देते हुए तेजप्रताप ने कहा, “बिहार में शराबबंदी फेल है, इसलिए नीतीश कुमार बिहार छोड़कर दिल्ली चले गए। उनको दिल्ली नहीं जाना चाहिए था। अब दिल्ली जाने का नीतीश ने मन बना लिया है। उसके पीछे क्या राज है, हम तो जानते हैं, लेकिन हम आपको नहीं बताएंगे। सीएम नीतीश के दिल्ली जाने पर हम नाराज क्यों होंगे। चाचा जी सब जगह चले जाएं, चांद, सूरज पर चले जाएं।” तेजस्वी को बिहार को POOR नहीं बोलना चाहिए केरलम में चुनाव प्रचार के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार को देश का सबसे POOR स्टेट बताया था। इस पर तेज प्रताप ने कहा, तेजस्वी ने बिहार को गरीब बताया है, क्या स्टेट POOR है, लेकिन बिहार के लोगों को अच्छा सोचना चाहिए। हमारा जन्म यहां हुआ है। ऐसा उनको नहीं बोलना चाहिए, ये ठीक बात नहीं है, हमारे भाई हैं। तेजस्वी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के सवाल पर तेज प्रताप ने कहा, “यह उनके दल का मामला है, वही बेहतर तरीके से बताएंगे। वो बच्चे नहीं हैं। तेजस्वी RJD के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष हैं, तो संभव है कि वे आगे चलकर पार्टी की जिम्मेदारी संभालेंगे। विचारों की लड़ाई है और यह आगे भी चलती रहेगी।” बंगाल चुनाव पर दिया रिएक्शन तेज प्रताप ने पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर साफ किया कि उनकी पार्टी फिलहाल चुनावी मैदान में नहीं उतरेगी, बल्कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर फोकस करेगी। उन्होंने कहा, “हम बंगाल गए थे, लेकिन हमारी पार्टी नई है। इसलिए हम पंचायत स्तर से शुरुआत करेंगे। इस बार का चुनाव हम नहीं लड़ेंगे।” सीमा सुरक्षा और घुसपैठ के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं को सुरक्षित रखना जरूरी है। बंगाल में जो भी घुसपैठ को रोकेगा और राज्य के हित में काम करेगा, उनकी पार्टी उसका समर्थन करेगी। बंगाल की राजनीति पर बोलते हुए तेज प्रताप ने कहा, “वहां के लोग खुद तय करेंगे कि क्या होगा। सब कुछ जनता पर निर्भर करता है। मेरी भविष्यवाणी सही होगी, समय आने पर बता देंगे।”