सीवान में कृषि विभाग में असिस्टेंट मैनेजर की लाश फंदे से लटकी मिली है। मृतक की पहचान सृष्टि कुमारी (26) के रूप में हुई है। कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला। उसमें लिखा है- मैं चाहती नहीं थी पर मैं चीजें हैंडल नहीं कर पाई। मुझे माफ कर देना मम्मी, मैंने आपको बहुत दुख दिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है, लेकिन सृष्टि के घर वाले बॉडी लेने को तैयार नहीं हैं। उनका कहना है कि बेटी की हत्या की गई है, जिसमें 3 लोग शामिल हैं। जब तक अरेस्टिंग नहीं होगी लाश नहीं ले जाएंगे। 18 घंटे से सृष्टि की लाश पोस्टमॉर्टम हाउस में पड़ी है। घटना मंगलवार रात 8 बजे के करीब की है। अब सिलसिलेवार ढंग से पढ़िए वारदात की पूरी कहानी… पैर जमीन को छू रहे थे, फंदे से लटकी थी बॉडी सृष्टि कुमारी वैशाली की रहने वाली थी। उसने 2023 से असिस्टेंट टेक्निकल मैनेजर के पद पर सीवान के हसनपुरा प्रखंड स्थित प्रखंड कृषि पदाधिकारी कार्यालय में जॉइन किया था। वो छुट्टियों में सीवान से अपने घर आया करती थी। उसके पिता की कैंसर से मौत हो चुकी है। मृतका के छोटे भाई आशुतोष ने बताया कि सृष्टि सोमवार (6 अप्रैल) को मौर्या एक्सप्रेस ट्रेन से हाजीपुर से सीवान गई थी। रात 9 बजे उससे आखिरी बार बात हुई थी। इसके बाद सुबह से उसका मोबाइल बंद आ रहा था। जब संपर्क नहीं तो मकान मालिक को फोन किया। पड़ोसियों ने बताया कि सृष्टि के मकान मालिक ने दिल्ली से फोन कर हमें बताया कि सृष्टि का मोबाइल बंद है। उसके घर वाले परेशान हो रहे है, जाकर उसे बोल दीजिए बात कर ले। इसके बाद हम उसके कमरे के बाहर पहुंचे। गेट पर हल्का धक्का दिया, तो दरवाजा तुरंत खुल गया। अंदर सृष्टि का शव फंदे से लटक रहा था और उसका शरीर जमीन को टच कर रहा था। आनन-फानन में पड़ोसियों ने इसकी सूचना सृष्टि के मकान मालिक और पुलिस को दी। कमरे से पुलिस को सुसाइड नोट बरामद हुआ है। घटना के बाद की कुछ तस्वीरें देखिए… बेटी को जिंदा करने के लिए खाटू श्याम ले जाना चाहती थी मां भाई ने आगे बताया कि, घटना की सूचना मिलते ही मैं मां के साथ मैं सदर अस्पताल पहुंचा। वहां बेटी के शव को देखकर मां बार-बार खाटू श्याम ले जाने की बात कहती रही। उनका कहना था कि बेटी खाटू श्याम का पानी पी लेगी तो ठीक हो जाएगी। एम्बुलेंस के पास खड़े लोंगो के पैर पकड़कर रोती रही। साथ ही कह रही थी कि बेटी तुमको इसी दिन के लिए इतना पढ़ाया था। सृष्टि तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थी। भाई बोला- मेरी बहन की हत्या में 3 लोग शामिल सृष्टि के भाई ने थाने में आवेदन देकर कहा है कि, मेरी बहन की हत्या की गई है। सुसाइड नोट में भी सृष्टि की लिखावट नहीं है। आवेदन में यह भाई ने लिखा है कि, मेरी बहन के ऑफिस में काम करने वाले नागेन्द्र सिंह, सतीश कुमार और रंजन पांडेय सृष्टि पर गलत नजर रखते थे। नागेन्द्र सिंह ने मेरी बहन का गलत वीडियो भी बना रखा था। पैसे लेने का लगाया गया था आरोप सृष्टि पर फील्ड विजिट के दौरान पैसे लेने का आरोप लगाया गया था। जब वह पकड़ी पंचायत में पदस्थापित थी। इससे जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया था। काफी दबाव के बाद सृष्टि का पकड़ी से तबादला लहेजी पंचायत कर दिया गया था। पुलिस जल्द केस का खुलासा होगा नगर थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। FSL टीम ने घटनास्थल से सबूत इकट्ठा किए गए हैं। सुसाइड नोट, मोबाइल फोन की जांच की जा रही है। ————————— ये खबर भी पढ़ें… ससुराल में मिली ग्रेजुएशन की छात्रा की लाश:बेगूसराय में तीन साल पहले की थी लव मैरिज, आरोपी पति गिरफ्तार, सास-ससुर फरार बेगूसराय में एक विवाहिता की लाश उसके ससुराल स्थित कमरे में फंदे से लटकी मिली। घटना गढ़हारा थाना क्षेत्र के बीहट नगर परिषद वार्ड संख्या-18, गढ़हारा गांव की है। मृतका की पहचान आयुष कुमार की पत्नी शबनम कुमारी (21) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति आयुष कुमार को गिरफ्तार कर लिया, जबकि वार्ड पार्षद सास बबीता देवी और ससुर अरुण रजक फरार हैं। पूरी खबर पढ़ें…