हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में शुक्रवार को पंजाब से आए श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली 100 फीट गहरी खाई में पलट गई। हादसे में 3 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। छोटे बच्चे समेत 32 श्रद्धालु घायल बताए जा रहे है। 6 लोगों को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जबकि सात का उपचार देहरा अस्पताल में चल रहा है। हादसा नेशनल हाइवे-503 पर ढलियारा स्थित राधा स्वामी सत्संग घर के पास दोपहर सवा 12 बजे के करीब हुआ। इसमें पंजाब के कपूरथला से आए 35 श्रद्धालु सवार थे। ढलियारा मोड़ पर अनियंत्रित होने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क से खाई में जा गिरी। एसपी देहरा मयंक चौधरी ने बताया कि पुलिस टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी है। घायलों का देहरा अस्पताल में उपचार चल रहा है। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर में सवार 35 लोगों में से कुछ बच्चे और महिलाएं भी चोटिल हैं। हादसे के बाद के PHOTOS… ब्रेक फेल होने से हादसा जानकारी के अनुसार, हादसा ब्रेक फेल होने के कारण हुआ है। ट्रैक्चर-ट्रॉली (PB07-BR-4762) में सवार पंजाब के श्रद्धालु चिंतपूर्णी मंदिर में दर्शन करके ज्वालाजी मंदिर जा रहे थे। मगर इससे पहले ही हादसे का शिकार हो गए। खूनी मोड़ पर बार-बार होते रहे हैं हादसे जिस जगह ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी, वहां अक्सर हादसे होते रहते है। इसलिए, यह जगह खूनी मोड़ नाम से भी मशहूर है। यहा पर सड़क यू-शेप में है। हालांकि, सड़क किनारे क्रैश बैरियर भी लगे थे। मगर ट्रैक्टर ट्रॉली इन्हें तोड़ते हुए सड़क से नीचे पलट गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से सभी घायलों को खाई से निकाला और अस्पताल पहुंचाया। एसपी देहरा मयंक चौधरी ने बताया कि करीब सवा 12 बजे हादसा हुआ। इसमें तीन की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि ज्यादातर श्रद्धालुओं को हल्की चोटें आईं है। मोटर व्हीकल एक्ट के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली में यात्रियों को बैठाने की अनुमति नहीं होती, लेकिन पंजाब के बड़ी संख्या में श्रद्धालु हिमाचल के प्रमुख शक्तिपीठों में दर्शन के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली में पहुंचते हैं। इस तरह की लापरवाही श्रद्धालुओं की जान पर भारी पड़ती है। पुलिस ने जारी की एडवाइजरी हादसे के बाद देहरा पुलिस ने आम जनता और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय ओवरलोडिंग से बचें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें। विशेषकर पहाड़ी एवं घुमावदार मार्गों पर सावधानी बरतें। नशे की हालत में वाहन न चलाएं, सीट बेल्ट व हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। यात्रा से पूर्व वाहन की तकनीकी जांच सुनिश्चित करें। लंबी यात्रा के दौरान पर्याप्त विश्राम लें एवं यातायात नियमों एवं पुलिस के निर्देशों का पालन करें। मृतकों में ये 3 नाम शामिल ढलियारा हादसे में मंगल सिंह (50) पुत्र प्रीतम सिंह, मनप्रीत सिंह (22) पुत्र मंगल सिंह और गुरशरण सिंह पुत्र परमजीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों की लिस्ट बलबीर सिंह, लवप्रीत, संदीप कुमार, बलजिन्द्र सिंह, अमृलयान, सतवित, सर्वजीत कौर, प्रिया, गुरसरीत सिंह और सर्वजीत कौर घायल हुए है।